हर पंचायत में सुधरेंगे खराब चापाकल, पीएचईडी ने बनाई कार्ययोजना

  • Post By Admin on Jun 12 2026
हर पंचायत में सुधरेंगे खराब चापाकल, पीएचईडी ने बनाई कार्ययोजना

लखीसराय : लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग (पीएचईडी) द्वारा जिले में खराब पड़े चापाकलों की मरम्मत एवं पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 11 जून 2026 को विभाग के विशेष सचिव संजीव कुमार ने लखीसराय जिले में चापाकल मरम्मति कार्यों का निरीक्षण किया तथा विभागीय पदाधिकारियों एवं अभियंताओं के साथ समीक्षा बैठक की।

समीक्षा के दौरान विशेष सचिव ने निर्देश दिया कि प्रत्येक पंचायत में मृत (डिफंक्ट) चापाकलों को विभागीय मानकों के अनुरूप हटाया जाए तथा मरम्मत योग्य चापाकलों की पहचान कर पंचायतवार मरम्मति कार्यक्रम (शेड्यूल) तैयार किया जाए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल उपलब्धता सुनिश्चित करना विभाग की प्राथमिकता है और इसके लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएं। बैठक में कनीय अभियंताओं को निर्देश दिया गया कि वे अपने-अपने प्रखंडों के अंतर्गत सभी पंचायतों के मुखिया, उपमुखिया तथा पंचायत चुनाव में निकटतम प्रतिद्वंद्वी रहे जनप्रतिनिधियों से समन्वय स्थापित कर मरम्मत योग्य सभी चापाकलों की मरम्मत सुनिश्चित करें। विशेष सचिव ने यह भी निर्देश दिया कि मरम्मत कार्य पूर्ण होने के बाद संबंधित लाभुकों एवं जनप्रतिनिधियों से सामाजिक प्रमाणीकरण (सोशल सर्टिफिकेशन) प्राप्त किया जाए। साथ ही मरम्मत किए गए चापाकलों की जियोटैग्ड तस्वीरें विभागीय एमआईएस पोर्टल पर अपलोड की जाएं, ताकि कार्यों की पारदर्शिता एवं निगरानी सुनिश्चित हो सके।

उन्होंने जिला प्रशासन से अनुरोध किया कि चापाकल मरम्मति के लिए तैयार पंचायतवार शेड्यूल को प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक माध्यमों से व्यापक रूप से प्रचारित किया जाए, जिससे आम लोगों को मरम्मत टीम के आगमन की पूर्व जानकारी मिल सके और वे इसका लाभ उठा सकें। विभाग का मानना है कि इस अभियान से ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल संकट को कम करने में मदद मिलेगी तथा खराब पड़े चापाकलों को शीघ्र चालू कर लोगों को राहत प्रदान की जा सकेगी।