बाल श्रम सामाजिक कुरीति, इसके खिलाफ सभी को आगे आना होगा : डीएम

  • Post By Admin on Jun 12 2026
बाल श्रम सामाजिक कुरीति, इसके खिलाफ सभी को आगे आना होगा : डीएम

लखीसराय : विश्व बाल श्रम निषेध दिवस के अवसर पर शुक्रवार को लखीसराय समाहरणालय परिसर से श्रम विभाग द्वारा जन-जागरूकता अभियान की शुरुआत की गई। इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने प्रचार-प्रसार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, जो जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जाकर लोगों को बाल श्रम उन्मूलन, बच्चों के अधिकारों तथा शिक्षा के महत्व के प्रति जागरूक करेगा।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी ने कहा कि बाल श्रम एक गंभीर सामाजिक कुरीति है, जिसके उन्मूलन के लिए समाज के सभी वर्गों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि वे अपने आसपास बाल श्रम की किसी भी घटना की जानकारी संबंधित विभाग को दें तथा बच्चों को शिक्षा से जोड़ने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि बच्चों का सुरक्षित और उज्ज्वल भविष्य सुनिश्चित करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसी उद्देश्य से श्रम विभाग द्वारा जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है, ताकि बाल श्रम के दुष्परिणामों के प्रति लोगों को संवेदनशील बनाया जा सके और बाल श्रम उन्मूलन के लिए जन-सहभागिता को बढ़ावा मिले।

कार्यक्रम के दौरान समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों एवं कर्मियों को बाल श्रम नहीं रखने तथा इसके खिलाफ जागरूकता फैलाने की शपथ दिलाई गई। उपस्थित सभी लोगों ने बाल श्रम उन्मूलन एवं बच्चों के अधिकारों की रक्षा के लिए संकल्प लिया और समाज में जागरूकता फैलाने की प्रतिबद्धता जताई। कार्यक्रम का समापन सामाजिक जिम्मेदारी एवं जागरूकता के संदेश के साथ हुआ। इस अवसर पर अपर समाहर्ता नीरज कुमार, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, श्रम अधीक्षक संजय कुमार चौधरी, श्रम विभाग के पदाधिकारी एवं कर्मी, विकासार्थ एनजीओ की सचिव सुनीता सिंह, श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी रंजीत कुमार, आशीष कुमार, राम जीवन कुमार, अनिकेत सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।