मद्य निषेध विभाग की छापेमारी से शराब कारोबारियों में हड़कंप, 14 गिरफ्तार

  • Post By Admin on Jun 12 2026
मद्य निषेध विभाग की छापेमारी से शराब कारोबारियों में हड़कंप, 14 गिरफ्तार

लखीसराय : जिले में शराबबंदी कानून के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर मद्य निषेध थाना, लखीसराय द्वारा चलाए गए विशेष छापेमारी अभियान में विभिन्न थाना क्षेत्रों से कुल 14 लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान अवैध शराब बरामद की गई तथा एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई।

मद्य निषेध थाना द्वारा जारी छापेमारी प्रतिवेदन के अनुसार 10 जून 2026 को जिले के किउल, हलसी, कवैया एवं बड़हिया थाना क्षेत्रों में कार्रवाई की गई। महेशलेटा (किउल थाना क्षेत्र) से एक व्यक्ति को लगभग 13 लीटर चुलाई शराब के साथ पकड़ा गया, जबकि एक अन्य व्यक्ति को शराब सेवन के आरोप में गिरफ्तार किया गया। वहीं हलसी थाना क्षेत्र के प्रेमडीहा गांव में की गई कार्रवाई के दौरान एक व्यक्ति के पास से 0.750 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई। इस मामले में एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई। कबैया थाना क्षेत्र के बाजार समिति, दालपट्टी, किउल बस्ती, वृन्दावन, कबैया रोड एवं गोसाईं टोला सहित विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर कई लोगों को शराब सेवन के आरोप में पकड़ा गया। इसके अलावा बड़हिया थाना क्षेत्र के जेतपुर गांव एवं उत्पाद थाना के समीप भी कार्रवाई करते हुए कई व्यक्तियों को हिरासत में लिया गया।

मद्य निषेध विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जिले में शराबबंदी कानून के उल्लंघन के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। अवैध शराब के निर्माण, बिक्री, परिवहन और सेवन में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। विभाग ने आम लोगों से भी अपील की है कि शराबबंदी कानून के पालन में सहयोग करें तथा अवैध शराब से संबंधित किसी भी गतिविधि की सूचना प्रशासन को दें।