दीपक कुमार का राष्ट्रीय स्तर पर चयन, थिएटर आर्ट्स में मिली यंग आर्टिस्ट स्कॉलरशिप

  • Post By Admin on May 25 2026
दीपक कुमार का राष्ट्रीय स्तर पर चयन, थिएटर आर्ट्स में मिली यंग आर्टिस्ट स्कॉलरशिप

मुजफ्फरपुर: भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय अंतर्गत सांस्कृतिक संसाधन एवं प्रशिक्षण केंद्र (सीसीआरटी) द्वारा वर्ष 2025-26 के लिए दी जाने वाली प्रतिष्ठित यंग आर्टिस्ट स्कॉलरशिप में मुज़फ्फरपुर के युवा रंगकर्मी दीपक कुमार का चयन थिएटर आर्ट्स विधा में किया गया है। राज्यभर से रंगमंच क्षेत्र में केवल दो प्रतिभागियों का चयन हुआ है, जिनमें मुज़फ्फरपुर के अखाड़ाघाट निवासी वीरेंद्र साह के पुत्र दीपक कुमार भी शामिल हैं।

दीपक कुमार की इस उपलब्धि से उनके परिवार, जिले और पूरे बिहार के रंगकर्मियों में खुशी का माहौल है। रंगमंच के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर मिली यह सफलता न केवल मुज़फ्फरपुर बल्कि बिहार की सांस्कृतिक प्रतिभा को भी नई पहचान दिलाने वाली मानी जा रही है। स्थानीय रंगकर्मियों और कला प्रेमियों ने दीपक कुमार को बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान जिले के युवाओं को कला और रंगमंच के प्रति प्रेरित करेगा। वहीं दीपक की इस उपलब्धि को उनके वर्षों के समर्पण, मेहनत और रंगमंच के प्रति लगाव का परिणाम बताया जा रहा है।