बांकीपुर में भाजपा को चुनौती, पीके बोले- मांद में घुसकर हराएंगे BJP
- Post By Admin on May 25 2026
पूर्वी चंपारण: जिले में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रशांत किशोर ने पटना होटल कांड को लेकर बिहार सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि जब सत्ता की चाबी गलत लोगों के हाथ में दी जाएगी तो ऐसी घटनाएं होना तय है। पीके ने सवाल उठाते हुए कहा कि गरीब और दलितों के घरों पर बुलडोजर चलाने वाली सरकार आखिर उस होटल पर कार्रवाई क्यों नहीं कर रही, जहां लड़की के साथ अभद्रता की घटना हुई। उन्होंने इसे बिहार में “जंगलराज की वापसी की आहट” बताया।
जन सुराज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष को लेकर उठ रहे सवालों पर भी प्रशांत किशोर ने अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि उदय सिंह उनके बड़े भाई और मित्र जैसे हैं तथा पार्टी में अभिभावक की भूमिका में हैं। पीके ने स्पष्ट किया कि उदय सिंह पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष थे और अब भी हैं। उन्होंने कहा कि व्यक्तिगत कारणों से उन्होंने कुछ समय का ब्रेक लिया है, लेकिन न तो पार्टी छोड़ी है और न ही इस्तीफा दिया है। वहीं बांकीपुर विधानसभा सीट को लेकर भी प्रशांत किशोर ने बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि यह सीट पिछले 40 वर्षों से भाजपा के कब्जे में है और चुनाव में पैसे बांटकर वोट लेने की राजनीति की गई। पीके ने आरोप लगाया कि भाजपा ने 10-10 हजार रुपये बांटकर वोट हासिल किया। उन्होंने कहा कि अगर भाजपा को राजनीतिक सबक सिखाना है तो उसके “मांद में घुसकर” उसे हराना होगा।