जनगणना की तैयारियों को लेकर लखीसराय में समीक्षा बैठक, मकानों के सूचीकरण पर जोर
- Post By Admin on May 25 2026
लखीसराय : भारत की आगामी जनगणना 2027 की तैयारियों के तहत सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जनगणना कार्य निदेशालय, पटना के उप निदेशक ने की। इसमें जिले के सभी नोडल पदाधिकारी एवं चार्ज पदाधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक में जनगणना के प्रथम चरण के तहत मकानों की गणना एवं सूचीकरण कार्य की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई। उप निदेशक ने कहा कि मकानों की सही गणना और सूचीकरण जनगणना प्रक्रिया की सफलता का आधार है, इसलिए इस कार्य में किसी प्रकार की त्रुटि नहीं होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अपने-अपने क्षेत्रों में मकानों की सही पहचान, अद्यतन सूचीकरण तथा आंकड़ों की शुद्धता सुनिश्चित करें। समीक्षा के दौरान नए एवं पुराने मकानों की पहचान, अस्थायी निवास, बहुमंजिला भवनों के वर्गीकरण जैसी संभावित चुनौतियों पर भी चर्चा की गई।
बैठक में डिजिटल माध्यमों के उपयोग और संबंधित कर्मियों के प्रशिक्षण पर विशेष जोर दिया गया, ताकि जनगणना कार्य में पारदर्शिता और तेजी लाई जा सके। अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से सभी कार्य पूर्ण करने और आपसी समन्वय बनाए रखने का निर्देश भी दिया गया। उप निदेशक ने कहा कि जनगणना राष्ट्रीय महत्व का कार्य है और इसकी सफलता में प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मी की भूमिका अहम है।