सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन सख्त, जिला राजमार्ग सुरक्षा टास्क फोर्स की बैठक
- Post By Admin on Jun 12 2026
लखीसराय : राष्ट्रीय राजमार्ग-80 (एनएच-80) पर सड़क सुरक्षा को सुदृढ़ बनाने, अतिक्रमण हटाने और दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में जिला राजमार्ग सुरक्षा टास्क फोर्स की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में माननीय उच्चतम न्यायालय के निर्देशों के अनुपालन सहित सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दों की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक की शुरुआत सड़क सुरक्षा के संबंध में उच्चतम न्यायालय द्वारा जारी निर्देशों के अवलोकन से हुई। जिला स्तर पर इन निर्देशों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए रणनीति एवं कार्ययोजना तैयार करने पर चर्चा की गई। साथ ही जिला राजमार्ग सुरक्षा टास्क फोर्स के औपचारिक गठन पर भी सहमति बनी, जो विभिन्न विभागों के समन्वय से सड़क सुरक्षा संबंधी गतिविधियों की निगरानी एवं संचालन करेगी। बैठक में एनएच-80 की वर्तमान स्थिति की समीक्षा करते हुए सड़क किनारे अवैध अतिक्रमण, अनधिकृत व्यावसायिक गतिविधियों, अवैध पार्किंग और दुर्घटना संभावित स्थलों (ब्लैक स्पॉट्स) की पहचान एवं उनके समाधान के उपायों पर विस्तार से विचार किया गया। जिला पदाधिकारी ने सभी अंचल अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे स्थित अतिक्रमणों को चिन्हित कर समयबद्ध कार्रवाई के तहत हटाने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि उच्चतम न्यायालय के निर्देशों के अनुरूप सड़क सुरक्षा क्षेत्र और राइट ऑफ वे (आरओडब्ल्यू) को पूरी तरह अतिक्रमणमुक्त बनाए रखना आवश्यक है। इसके लिए सभी संबंधित विभागों को समन्वित कार्ययोजना बनाकर निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्रवाई पूरी करने का निर्देश दिया गया। साथ ही भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर सड़क सुरक्षा उपायों को प्रभावी ढंग से लागू करने पर भी जोर दिया गया। बैठक में हाईवे सर्विलांस टीम के गठन, मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) तैयार करने, एंबुलेंस एवं रिकवरी क्रेन की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं को और अधिक मजबूत बनाने के प्रस्तावों पर भी चर्चा हुई। जिला पदाधिकारी ने सभी विभागों को सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए नियमित निगरानी और प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। बैठक के अंत में बेगूसराय जिले में हुई दुखद सड़क दुर्घटना में मधेपुरा जिले के तीन थानाध्यक्षों एवं एक चालक के असामयिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया गया। दिवंगत आत्माओं की शांति तथा शोकाकुल परिजनों को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना करते हुए उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मियों ने दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की।
बैठक में पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमार, अपर समाहर्ता नीरज कुमार, जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी शंभू नाथ, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर कुमार, स्थापना उपसमाहर्ता शशि कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी मुकुल पंकज मणि, नजारत उपसमाहर्ता प्राची कुमारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।