लंगट सिंह कॉलेज में स्वच्छता ही सेवा अभियान का आगाज, मंत्री और अधिकारियों ने किया माल्यार्पण
- Post By Admin on Sep 19 2024
.jpg)
मुजफ्फरपुर: लंगट सिंह कॉलेज स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पंचायती राज मंत्री, जिलाधिकारी, नगर आयुक्त, और उप विकास आयुक्त ने माल्यार्पण कर स्वच्छता ही सेवा अभियान के संध्याकालीन समारोह का शुभारंभ किया। इस अवसर पर वृक्षारोपण, हस्ताक्षर अभियान, नुक्कड़ नाटक, और स्वच्छता रथ की रवानगी जैसी गतिविधियों के साथ आडिटोरियम में कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन हुआ।
उप विकास आयुक्त श्रेष्ठ अनुपम के नेतृत्व में पदयात्रा का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों की संख्या में अधिकारी, कर्मचारी और जनप्रतिनिधि शामिल हुए। यह पदयात्रा समाहरणालय से शुरू होकर शहीद खुदीराम बोस स्टेडियम तक गई। पदयात्रा के दौरान, श्रमदान के माध्यम से रास्तों की साफ-सफाई की गई, जिससे लोगों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ी।
स्टेडियम परिसर में पदयात्रियों ने वृक्षारोपण अभियान के तहत "एक पेड़, मां के नाम" कार्यक्रम के अंतर्गत पौधारोपण किया। इस पहल के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण के महत्व को रेखांकित किया गया और स्वच्छता व हरियाली को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया।