मुजफ्फरपुर : सोमवार की शाम दर्दनाक सड़क हादसे में वैशाली सांसद वीणा देवी और एमएलसी दिनेश सिंह के बेटे राहुल राज उर्फ छोटू सिंह की दुखद मृत्यु हो गई। यह घटना जैतपुर थाना क्षेत्र के दिनेश्वर पेट्रोल पंप के पास हुई, जब राहुल अपनी बुलेट बाइक से गुजर रहे थे और किसी अज्ञात गाड़ी ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं पुलिस तुरंत मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच ले गई और मामले की जांच शुरू कर दी। इस हादसे ने सांसद वीणा देवी और उनके परिवार को गहरे शोक में डाल दिया है। घटना की खबर से परिवार और समर्थकों में शोक की लहर दौड़ गई और उनके आवास पर लोगों का जमावड़ा लगा रहाI
इस घटना पर मंगलवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने इस हादसे को दुर्भाग्यपूर्ण बताया और शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट की हैं। उन्होंने दिनेश सिंह से दूरभाष पर बात कर सांत्वना दी और परिवार को इस कठिन समय में धैर्य और शक्ति प्रदान करने की कामना की है।
इस हादसे ने राज्य में एक बार फिर सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन की जरूरत को उजागर किया हैं।




















