आचार्य किशोर कुणाल के निधन से शोक में डूबा चंपारण

  • Post By Admin on Dec 30 2024
आचार्य किशोर कुणाल के निधन से शोक में डूबा चंपारण

मोतिहारी : पूर्वी चंपारण जिले के कैथवलिया में निर्माणाधीन विराट रामायण मंदिर निर्माणकर्ता व महावीर मंदिर पटना के सचिव पूर्व आईपीएस अधिकारी आचार्य किशोर कुणाल के निधन की खबर मिलते ही बीते रविवार की सुबह पूरा चंपारण शोक में डूब गया। आचार्य कुणाल को जानने वाले सभी लोगों के अलावें चंपारण के जनमानस में मायूसी छा गई। आचार्य कुणाल के निधन की सूचना मिलते ही कैथवलिया स्थित निर्माणाधीन विराट रामायण मंदिर में निर्माण कार्य में लगे कर्मियों ने काम बंद करते हुए एक शोक सभा का आयोजन कर आचार्य कुणाल को श्रद्धांजलि दी। उधर, आचार्य कुणाल के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए केसरिया-कल्याणपुर के पूर्व विधायक सचिन्द्र प्रसाद सिंह ने कहा कि आचार्य कुणाल के निधन से बिहार ने अपना एक अनमोल रत्न खो दिया है।

जिला परिषद् की अध्यक्ष ममता राय ने कहा कि पूर्व आईपीएस अधिकारी आचार्य कुणाल धर्म और भारतीय संस्कृति के संवाहक थे। उनके निधन से एक युग का अंत हो गया है। भाजपा लघु उद्योग प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक मयंकेश्वर सिंह ने कहा कि आचार्य कुणाल के निधन से देश में धर्म जागरण अभियान एवं सामाजिक बदलाव के आंदोलन को गहरा धक्का लगा है। विराट रामायण मंदिर निर्माण समिति के सदस्य मधुरेश प्रियदर्शी ने अपने शोक संदेश में कहा कि आचार्य कुणाल के निधन से देश और बिहार ने एक महान व्यक्तित्व को खो दिया। उनके असामयिक निधन से सूबे के प्रशासनिक एवं सामाजिक क्षेत्र को अपूरणीय क्षति हुई है। विराट रामायण मंदिर के भूमि दाता सदस्य अतीक अहमद खान ने आचार्य कुणाल के निधन को देश और बिहार के लिए बड़ा नुकसान बतलाया है। उन्होंने कहा कि हिंदू हो या मुसलमान आचार्य कुणाल सबको सम्मान देने का काम करते थे।

उनके निधन पर ब्रावो फार्मा के सीएमडी राकेश पांडेय, कांग्रेस जिलाध्यक्ष ई शशिभूषण राय उर्फ गप्पू राय, केसरिया के पूर्व विधायक मो ओबैदुल्लाह, कल्याणपुर की पूर्व विधायक रजिया खातून, केसरिया के पूर्व विधायक बब्लूदेव, पूर्व विधायक डॉ राजेश कुमार, विराट रामायण मंदिर के भूमि दाता क्रमश: इस्तेयाक अहमद खान, जफीर अहमद खान, असीम जफ्फर खान,पूर्व मुखिया जफरुल्लाह खान, जेपी सेनानी राय सुंदर देव शर्मा, वरीय अधिवक्ता राजीव कुमार द्विवेदी उर्फ पप्पू दूबे, समाजसेवी आलोक शर्मा, विराट रामायण मंदिर निर्माण समिति से जुड़े ललन सिंह एवं साधु तिवारी ने गहरा शोक जताया है।