बिहार बाल भवन किलकारी में चक धूम धूम समर कैम्प का उद्घाटन
- Post By Admin on May 31 2026
मुजफ्फरपुर : बिहार बाल भवन “किलकारी”, चर्च रोड स्थित जिला स्कूल छात्रावास परिसर, मुजफ्फरपुर में रविवार को “चक धूम धूम” समर कैम्प का भव्य उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन जिला कार्यक्रम पदाधिकारी सुजीत कुमार दास, बिहार विश्वविद्यालय के पूर्व भौतिकी विभागाध्यक्ष डॉ. तारन राय, बीएड कॉलेज की निदेशक डॉ. मोनालिसा एवं जिला स्कूल के प्राचार्य जीबू झा द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
कार्यक्रम में अतिथियों का स्वागत किलकारी कर्मियों द्वारा बच्चों के बनाए गुलदस्ते भेंट कर किया गया। वहीं प्रकृति एवं विज्ञान विधा से जुड़े बच्चों ने प्राकृतिक रंगों से तैयार मैजिक प्रदर्शन के माध्यम से अतिथियों का अभिनंदन कर सबका ध्यान आकर्षित किया। उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए जिला कार्यक्रम पदाधिकारी सुजीत कुमार दास ने कहा कि हुनर व्यक्ति को समाज में अलग पहचान और सम्मान दिलाता है। उन्होंने कहा कि निरंतर सीखने और अपने कौशल को विकसित करने से बच्चे अपने क्षेत्र में विशेषज्ञ बन सकते हैं। मुख्य अतिथि डॉ. तारन राय ने कहा कि हाथ का हुनर बच्चों में आत्मविश्वास पैदा करता है। समर कैम्प के माध्यम से बच्चों का भावनात्मक एवं सामाजिक विकास होता है और उन्हें अपनी प्रतिभा को निखारने का बेहतर अवसर मिलता है।
प्रमंडल कार्यक्रम समन्वयक पूनम कुमारी ने बताया कि बिहार बाल भवन “किलकारी” द्वारा 1 जून 2026 से 21 जून 2026 तक 21 दिवसीय “चक धूम धूम” समर कैम्प का आयोजन किया गया है। इस कैम्प में 35 प्रकार की कला एवं गतिविधियों का प्रशिक्षण विषय विशेषज्ञों द्वारा दिया जाएगा।उन्होंने बताया कि किलकारी में पहले से संचालित कला, संस्कृति, विज्ञान एवं खेल गतिविधियों के अतिरिक्त इस बार समर कैम्प में बांधनी कला, टेक्सटाइल पेंटिंग, सुजनी आर्ट, मंडाला पेंटिंग, स्केटिंग, फोटोग्राफी, कत्थक, तबला वादन, वॉलीबॉल, सॉफ्टबॉल, मास्क मेकिंग, सृजनात्मक लेखन, मूर्तिकला, ग़ज़ल, पोट्रेट पेंटिंग, गरबा, नाटक, पीपल के पत्ते पर चित्रकारी, गीतापाठ एवं बैडमिंटन जैसी गतिविधियों का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। सहायक कार्यक्रम पदाधिकारी रश्मि आनंद ने बताया कि 8 से 16 वर्ष आयुवर्ग के बच्चे इस समर कैम्प में नि:शुल्क प्रशिक्षण प्राप्त कर सकते हैं।
इस अवसर पर बिहार बाल भवन के प्रशिक्षक कायनात आफरीन, सीमा कुमारी, गौरीशंकर मिश्रा, अरुणिमा, अमन राज, सोनू कुमार, सौरभ कुमार, सुजाता कुमारी, रूपा पाठक, राजू सहनी, आशीष राज, बब्लू कुमार, राजीव कुमार, अर्पिता कुमारी, कृष्णनंदन कुमार एवं प्रियंका चौधरी मौजूद थे।कार्यक्रम के दौरान किलकारी के नृत्य विधा के बच्चों ने “सामा चकेवा” एवं “निंदिया के मातल दूल्हा” लोकगीत पर भाव नृत्य प्रस्तुत किया, जबकि संगीत विधा के बच्चों ने “सांसों की माला” गीत की प्रस्तुति देकर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। मंच संचालन इंद्रजीत कुमार ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन पूर्णिमा बाला, सीआरपी कमीशनरी रिसोर्स पर्सन द्वारा किया गया।