अगर आप रोज-रोज एक जैसा आलू या प्याज पराठा खाकर बोर हो चुके हैं, तो इस बार नाश्ते में स्वाद और हेल्थ से भरपूर अंडा पराठा जरूर ट्राई करें। बाहर से क्रिस्पी और अंदर से मसालेदार यह पराठा खाने में बेहद लाजवाब लगता है। खास बात यह है कि यह प्रोटीन से भरपूर होता है, जिससे लंबे समय तक पेट भरा रहता है और शरीर को एनर्जी भी मिलती है।
अंडा पराठा बनाना बेहद आसान है और इसे तैयार करने में ज्यादा समय भी नहीं लगता। घर में मौजूद साधारण सामग्री से आप इसे झटपट बना सकते हैं। बच्चे हों या बड़े, इसका स्वाद हर किसी को पसंद आता है। इसे आप सुबह के नाश्ते, लंच या डिनर में भी आसानी से बना सकते हैं।
अंडा पराठा बनाने के लिए सामग्री
- 2 कप गेहूं का आटा
- 2 अंडे
- 1/4 कप बारीक कटा प्याज
- बारीक कटी हरी मिर्च
- 2 बड़ा चम्मच बारीक कटा हरा धनिया
- 1/2 छोटा चम्मच गरम मसाला
- स्वादानुसार नमक
- 1 बड़ा चम्मच तेल
अंडा पराठा बनाने की आसान विधि
सबसे पहले एक बड़े बाउल में गेहूं का आटा, थोड़ा नमक और तेल डालकर अच्छे से मिलाएं। इसके बाद जरूरत अनुसार पानी डालते हुए सॉफ्ट आटा गूंथ लें। तैयार आटे को 4 बराबर लोइयों में बांट दें। अब एक लोई लेकर उसे गोल बेलें और फिर दो बार मोड़कर त्रिकोण आकार दें। इसके बाद हल्के हाथों से दोबारा बेल लें। इसी तरह बाकी लोइयां भी तैयार कर लें। दूसरी तरफ एक बाउल में अंडे फोड़ें और उसमें बारीक कटा प्याज, हरी मिर्च, हरा धनिया, गरम मसाला और स्वादानुसार नमक डालकर अच्छी तरह फेंट लें। अब तवा गर्म करें और तैयार पराठे को तवे पर डालें। दोनों तरफ से हल्का सेकने के बाद थोड़ा तेल डालें। जब पराठा हल्का क्रिस्पी होने लगे, तब उसमें हल्का चीरा लगाकर अंडे का मिश्रण डाल दें ताकि मिश्रण अंदर तक फैल जाए।
इसके बाद पराठे को पलटकर दूसरी तरफ भी अच्छे से पकाएं। ऊपर से थोड़ा तेल या देसी घी डालें और हल्के हाथों से दबाते हुए सेंकें। तेज आंच पर पराठे को तब तक पकाएं जब तक वह सुनहरा, फूला हुआ और क्रिस्पी न हो जाए। गरमागरम अंडा पराठा तैयार है। इसे आप चटनी, सॉस, दही या चाय के साथ सर्व कर सकते हैं।










