30 फीट गहरी खाई में गिरी 34 यात्रियों से भरी बस, 4 की मौत
- Post By Admin on Jan 06 2025

इडुक्की : केरल के इडुक्की जिले में सोमवार सुबह एक भीषण हादसा हो गया। जिसमें एक सरकारी बस खाई में गिर गई। इस दुर्घटना में चार यात्रियों की मौत हो गई। जबकि कई अन्य घायल हो गए। हादसा पुल्लुपारा इलाके में हुआ। जहां बस के ब्रेक फेल हो गए और चालक नियंत्रण खो बैठा। जिसके कारण बस 30 फीट गहरी खाई में गिर गई।
हादसा कैसे हुआ
जानकारी के अनुसार, यह बस केएसआरटीसी (केरल राज्य सड़क परिवहन निगम) की थी और इसमें कुल 34 यात्री और तीन कर्मचारी सवार थे। बस तमिलनाडु के तंजावुर से मवेलिकेरा लौट रही थी और सभी यात्री मवेलिकेरा के रहने वाले थे। हादसा सुबह करीब 6 बजे हुआ जब बस पुल्लुपारा में एक मोड़ पर पहुंची। वहां चालक के द्वारा बस को नियंत्रित करने का प्रयास किया गया, लेकिन ब्रेक फेल हो गए। जिससे बस मोड़ से बाहर हो गई और गहरी खाई में गिर गई। हालांकि, बस खाई में गिरते ही एक पेड़ में फंस गई। जिससे एक और बड़ा हादसा होने से बच गया।
मृतकों की पहचान और घायलों की स्थिति
हादसे में चार यात्रियों की मौत हो गई। जिनमें एक महिला भी शामिल है। मृतकों के शवों को मुंडाकायम के एक प्राइवेट अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने बताया कि हादसे की सूचना राहगीरों ने दी थी और स्थानीय लोग तथा पुलिस तुरंत मौके पर पहुंचे। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। जहां उनका इलाज चल रहा है। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस और प्रशासन की प्रतिक्रिया
पुलिस ने इस घटना को लेकर जांच शुरू कर दी है। स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि हादसा काफी गंभीर था, लेकिन एक पेड़ में फंसने के कारण एक बड़ा हादसा टल गया। पुलिस का कहना है कि यह हादसा तकनीकी खामी की वजह से हुआ था और इसकी जांच की जा रही है। अधिकारियों ने यह भी बताया कि हादसे के बाद राहत कार्य तेजी से चलाया गया और सभी घायलों को शीघ्र उपचार के लिए भेजा गया।