प्रधानमंत्री के जमुई आगमन की तैयारी पर भाजपा की समीक्षा बैठक

  • Post By Admin on Nov 12 2024
प्रधानमंत्री के जमुई आगमन की तैयारी पर भाजपा की समीक्षा बैठक

लखीसराय : भारतीय जनता पार्टी की लखीसराय जिला इकाई की बैठक आज भाजपा प्रधान कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष श्री दीपक सिंह ने की। जबकि मुख्य अतिथि के रूप में बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा उपस्थित रहे। इस बैठक में 15 नवंबर को जमुई में होने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम की तैयारी की समीक्षा की गई।

बैठक में निर्णय लिया गया कि लखीसराय जिले के सभी प्रखंडों से भाजपा कार्यकर्ताओं और प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में भाग लेने के इच्छुक लोगों के लिए स्थल तक पहुंचाने की विशेष व्यवस्था की जाएगी। उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने उपस्थित लोगों को प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की और कहा कि बिहार में आगामी उपचुनाव में एनडीए की जीत सुनिश्चित है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार के विकास में भारी जनसमर्थन और उत्साह देखने को मिल रहा है।

श्री सिन्हा ने बताया कि झारखंड में भी बदलाव की लहर है, जहां जनता अब परिवारवाद और भ्रष्टाचार से तंग आ चुकी है और बदलाव के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने लालू प्रसाद यादव जैसे नेताओं पर तंज कसते हुए कहा कि भ्रष्टाचार में दोषी पाए गए लोग झारखंड में स्टार प्रचारक बनकर चुनावी मैदान में हैं। जबकि भाजपा विकास और विरासत का संदेश लेकर आगे बढ़ रही है। उन्होंने यह विश्वास जताया कि बिहार में उपचुनाव में एनडीए की विजय सुनिश्चित है और झारखंड में भी भाजपा सरकार का गठन होने जा रहा है।

बैठक में जिला भाजपा के प्रमुख कार्यकर्ताओं और नेताओं ने भाग लिया और प्रधानमंत्री के आगमन के लिए तैयारियों का जायजा लिया।