वंदे मातरम् और भारत माता की जय से गूंजा भाजपा कार्यालय, उत्साह के साथ मना स्वतंत्रता दिवस
- Post By Admin on Aug 15 2026
लखीसराय : 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को बाईपास रोड स्थित भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय में धूमधाम और राष्ट्रभक्ति के माहौल में समारोह आयोजित किया गया। भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक कुमार सिंह ने तिरंगा फहराया। ध्वजारोहण से पहले कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से वंदे मातरम् का गायन किया, जबकि झंडोत्तोलन के बाद राष्ट्रगान प्रस्तुत किया गया। इस दौरान पूरा परिसर भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारों से गूंज उठा।
जिला कार्यालय के बाद विधानसभा प्रधान कार्यालय में भी ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पूर्व जिलाध्यक्ष छेदी प्रसाद गुप्ता ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत कर माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया। पूर्व जिलाध्यक्ष देवानंद साहू ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित कर उनमें राष्ट्रसेवा की भावना का संचार किया।
समारोह को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक कुमार सिंह ने 1857 के स्वतंत्रता संग्राम को देश के इतिहास का महत्वपूर्ण अध्याय बताया। उन्होंने कहा कि अंग्रेजों के लिए भले ही 1857 का संग्राम सिपाही विद्रोह रहा हो, लेकिन वास्तव में यह भारत का पहला महान स्वतंत्रता समर था, जिसने ब्रिटिश हुकूमत की नींव हिला दी थी।उन्होंने विदेशी फंडिंग और धर्मांतरण से जुड़ी गतिविधियों पर चिंता जताते हुए कहा कि एफसीआरए नियमों के तहत विदेशी धन के दुरुपयोग पर कड़ी निगरानी जरूरी है, ताकि देश की सामाजिक समरसता को प्रभावित करने वाली गतिविधियों पर नियंत्रण रखा जा सके। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से राष्ट्रहित में अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।
जिला महामंत्री सनोज साहू ने कहा कि अमर शहीदों के बलिदान से प्राप्त स्वतंत्रता को अक्षुण्ण रखना और समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति को राष्ट्र निर्माण की मुख्यधारा से जोड़ना सभी का प्रमुख दायित्व है। मीडिया प्रभारी अजय कुशवाहा ने कहा कि राष्ट्र की एकता, संप्रभुता और सांस्कृतिक गौरव की रक्षा के लिए प्रत्येक नागरिक को जागरूक होकर सकारात्मक भूमिका निभानी होगी।
कार्यक्रम में जिला महामंत्री प्रमोद कुशवाहा, अमरजीत प्रजापति, उपाध्यक्ष नवीन सिंह, संजय सिंह, मंत्री अभिषेक सिंह, हिमांशु पटेल, मंडल अध्यक्ष मुकुल सिंह, धनंजय विभोर, जयशंकर पांडेय, कृष्णनंदन महतो, शंकर महतो, उमेश महतो, बैंकेश्वर सिंह, रौशन झा, जिला प्रवक्ता रामानंद सिंह, बाल्मीकि सिंह, रामप्रवेश साहू, मोर्चा अध्यक्ष आशा पासवान, विकास आनंद, सोनू चंद्रवंशी और नीतू आर्या सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।