आरपीएफ की सतर्कता से पकड़ा गया मोबाइल चोर, दो ओप्पो फोन बरामद

  • Post By Admin on Aug 15 2026
आरपीएफ की सतर्कता से पकड़ा गया मोबाइल चोर, दो ओप्पो फोन बरामद

लखीसराय : पूर्व मध्य रेल के हाजीपुर जोन अंतर्गत दानापुर मंडल के किऊल आरपीएफ पोस्ट की टीम ने ‘ऑपरेशन यात्री सुरक्षा’ के तहत कार्रवाई करते हुए बड़हिया स्टेशन से दो चोरी के मोबाइल फोन के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। बरामद दोनों मोबाइल की अनुमानित कीमत करीब 50 हजार रुपए बताई गई है।

जानकारी के अनुसार, 14 अगस्त 2026 को किऊल के आईपीएफ प्रशांत कुमार के नेतृत्व में सहायक उप निरीक्षक प्रशांत कुमार और बरहिया कैंपिंग स्टाफ द्वारा स्टेशन क्षेत्र में यात्रियों के सामान की चोरी रोकने के लिए जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान सुबह करीब 4:10 बजे एक युवक संदिग्ध अवस्था में मिला। आरपीएफ टीम ने उसे पकड़कर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान युवक कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका और न ही वैध यात्रा टिकट प्रस्तुत कर पाया। संदेह के आधार पर उसकी तलाशी ली गई, जिसमें ओप्पो कंपनी के दो मोबाइल फोन बरामद हुए। मोबाइल के संबंध में पूछताछ करने पर उसने कथित तौर पर ट्रेन में एक यात्री से दोनों मोबाइल चोरी करने की बात स्वीकार की।

आरपीएफ टीम ने मौके पर सुबह 4:15 बजे तलाशी एवं जब्ती सूची तैयार कर दोनों मोबाइल फोन जब्त कर लिए। इसके बाद 4:20 बजे गिरफ्तारी ज्ञापन तैयार कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सूरज कुमार (19), पिता अखिलेश मंडल, निवासी जकराज स्थान, वार्ड संख्या-17, जिला लखीसराय के रूप में हुई है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए राजकीय रेल पुलिस, बड़हिया में प्राथमिकी संख्या 12/2026 के तहत बीएनएस की धारा 303(2) और 317(5) में मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच बरहिया जीआरपी के थानाध्यक्ष शिवशंकर कुमार द्वारा की जाएगी।