विकसित भारत-2047 के लक्ष्य पर भाजपा का सम्मेलन, कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने रखा रोडमैप

  • Post By Admin on Jun 21 2026
विकसित भारत-2047 के लक्ष्य पर भाजपा का सम्मेलन, कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने रखा रोडमैप

लखीसराय :भारतीय जनता पार्टी के विधानसभा प्रधान कार्यालय, लखीसराय में भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक कुमार सिंह की अध्यक्षता में रविवार को "विकसित भारत संकल्प सम्मेलन" का आयोजन किया गया। सम्मेलन में बिहार सरकार के कृषि मंत्री एवं लखीसराय विधायक विजय कुमार सिन्हा ने कार्यकर्ताओं, प्रबुद्धजनों एवं नागरिकों को संबोधित करते हुए विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को साकार करने के लिए सभी से सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया।

केंद्र सरकार के "12 वर्ष विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के" पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित इस सम्मेलन में कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में देश ने विकास, सुशासन, गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण, डिजिटल इंडिया, कृषि और आधारभूत संरचना जैसे क्षेत्रों में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब प्रत्येक नागरिक इसमें अपनी जिम्मेदारी निभाएगा। सम्मेलन को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश महामंत्री डॉ. प्रीति शेखर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश सेवा, सुशासन और जनकल्याण के नए दौर में प्रवेश कर चुका है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत-2047 का संकल्प प्रत्येक कार्यकर्ता और नागरिक की सक्रिय भागीदारी से ही पूरा होगा।

कार्यक्रम में भाजपा जिला प्रभारी संजय सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष देवानंद साहू सहित पार्टी के कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। सम्मेलन के दौरान विकसित भारत के निर्माण में संगठन की भूमिका और जनसहभागिता को मजबूत करने पर भी विस्तार से चर्चा की गई।