लखीसराय में योग का महाकुंभ : हजारों साधकों ने किया सामूहिक योगाभ्यास
- Post By Admin on Jun 21 2026
लखीसराय : अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर भारत स्वाभिमान न्यास (पतंजलि परिवार) लखीसराय के तत्वावधान में जिलेभर में योग कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया गया। हजारों स्वास्थ्य साधकों, योग प्रेमियों एवं स्वयंसेवकों की सहभागिता से पूरा जिला योगमय नजर आया। विभिन्न स्थानों पर आयोजित योग शिविरों में लोगों ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।
लायंस क्लब में हुआ मुख्य समारोह
पुरानी बाजार स्थित लायंस क्लब भवन में मुख्य समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। कार्यक्रम में प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. प्रवीण कुमार सिन्हा सहित कई गणमान्य अतिथियों ने शिरकत की। इस अवसर पर अतिथियों का अंगवस्त्र देकर स्वागत किया गया, वहीं योग के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले स्वयंसेवकों को भी अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
योगी योद्धाओं ने किया आकर्षक प्रदर्शन
पतंजलि परिवार के योगी योद्धाओं ने विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का प्रदर्शन कर उपस्थित लोगों को योग के प्रति प्रेरित किया। कार्यक्रम में राज्य कार्यकारिणी सदस्य अरविंद कुमार भारती, जिला प्रभारी नाथ अमिताभ, संगठन मंत्री मनोरंजन कुमार, जिला कार्यकारिणी सदस्य मनीष कुमार, जिला सह प्रभारी ज्वाला जी, रंजीत जी, विनोद जी, रामनंदन जी तथा राष्ट्रीय हिंदू फ्रंट के राकेश कुमार रंजीत सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। किसान प्रकोष्ठ के जिला प्रभारी ने योग गुरु की भूमिका निभाते हुए प्रतिभागियों को योगाभ्यास कराया।
संत निरंकारी मिडिल स्कूल में विशेष योग शिविर
नया बाजार स्थित संत निरंकारी मिडिल स्कूल में जिला कार्यकारिणी सदस्य मनीष कुमार के नेतृत्व में योग शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान राज्य कार्यकारिणी सदस्य अरविंद कुमार भारती का अंगवस्त्र एवं डायरी भेंट कर सम्मान किया गया। उनके हाथों योगाचार्य एवं कानपुर में सेवारत योगी भाई रॉकी जी को भी अंगवस्त्र एवं डायरी देकर सम्मानित किया गया। विद्यालय के निदेशक अनय कुमार प्रदीप ने सभी योग साधकों को डायरी एवं कलम प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।
योगाचार्य उमेश जी एवं अन्य प्रशिक्षकों ने सैकड़ों महिला एवं पुरुष प्रतिभागियों को योगासन और प्राणायाम का अभ्यास कराया तथा नियमित योग के महत्व पर प्रकाश डाला।
गांवों और महिलाओं में भी दिखा उत्साह
महिला पतंजलि के तत्वावधान में ममता जी के निर्देशन में ईशा एवं समर्थ ने शर्मा गांव में योग जागरूकता अभियान चलाया। वहीं उत्क्रमित मध्य विद्यालय शेखपुरवा में जिला संपर्क प्रमुख धर्मेंद्र जी के नेतृत्व में योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया।
स्वस्थ समाज निर्माण का लिया संकल्प
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सभी योग साधकों ने नियमित योगाभ्यास करने और समाज में स्वास्थ्य जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। जिलेभर में आयोजित कार्यक्रमों ने यह संदेश दिया कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ, संतुलित और सकारात्मक जीवनशैली का आधार है। लखीसराय में आयोजित इस योग महापर्व ने जनभागीदारी और उत्साह के नए आयाम स्थापित किए।