40 सेकंड में दो शक्तिशाली भूकंपों से दहला यह देश, 1 लाख लोगों की मौत की आशंका
- Post By Admin on Jun 25 2026
वेनेजुएला में महज 40 सेकंड के अंतराल पर आए दो शक्तिशाली भूकंपों ने भारी तबाही मचा दी। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के अनुसार पहला भूकंप 7.1 तीव्रता का था, जबकि इसके कुछ ही सेकंड बाद 7.5 तीव्रता का दूसरा और अधिक शक्तिशाली झटका महसूस किया गया। दोनों भूकंपों के बाद राजधानी काराकास सहित कई शहरों में बहुमंजिला इमारतें ढह गईं, संचार और बिजली व्यवस्था प्रभावित हो गई तथा देशभर में अफरातफरी का माहौल बन गया।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने राष्ट्रीय आपातकाल की घोषणा कर दी है। उन्होंने सभी सरकारी एवं निजी अस्पतालों के डॉक्टरों, नर्सों और स्वास्थ्यकर्मियों से तत्काल ड्यूटी पर लौटने की अपील की है। सरकार के अनुसार कई अस्पतालों पर अचानक मरीजों का दबाव बढ़ गया है और राहत एवं बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है। सरकारी अधिकारियों के मुताबिक राजधानी काराकास के कई रिहायशी इलाकों में इमारतें क्षतिग्रस्त हुई हैं। मुख्य माइकेतिया अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को भी नुकसान पहुंचा है, जिसके बाद उसे अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया। कई क्षेत्रों में बिजली और दूरसंचार सेवाएं बाधित हैं। हालांकि तटीय इलाकों के लिए जारी सुनामी अलर्ट बाद में वापस ले लिया गया।
गृह मंत्री डियोसडाडो काबेलो ने बताया कि कई मकान और इमारतें मलबे में तब्दील हो चुकी हैं। राष्ट्रीय स्तर पर सुरक्षा एजेंसियां, नागरिक सुरक्षा बल और बचाव दल प्रभावित इलाकों में लोगों को सुरक्षित निकालने में जुटे हैं। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो और तस्वीरों में धूल के गुबार और व्यापक तबाही के दृश्य दिखाई दे रहे हैं। USGS के शुरुआती आकलन में आशंका जताई गई है कि इस आपदा में भारी जनहानि हो सकती है। एजेंसी ने अनुमान व्यक्त किया है कि मृतकों की संख्या हजारों में पहुंच सकती है, हालांकि आधिकारिक आंकड़े अभी जारी नहीं किए गए हैं। राहत एवं बचाव अभियान पूरा होने के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
शुरुआती जानकारी के अनुसार देश के प्रमुख तेल उत्पादन ढांचे को तत्काल कोई बड़ा नुकसान नहीं पहुंचा है, लेकिन लंबे समय तक बिजली बाधित रहने की स्थिति में कच्चे तेल के उत्पादन पर असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है। इस प्राकृतिक आपदा पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि शुरुआती रिपोर्ट चिंताजनक हैं और अमेरिका हरसंभव सहायता देने के लिए तैयार है। उन्होंने अमेरिकी एजेंसियों को राहत कार्यों में सहयोग के निर्देश दिए हैं। भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सोशल मीडिया मंच एक्स पर शोक व्यक्त करते हुए वेनेजुएला की सरकार और वहां के लोगों के प्रति संवेदना प्रकट की। उन्होंने कहा कि भारत इस कठिन समय में वेनेजुएला के साथ खड़ा है और आवश्यक मानवीय सहायता उपलब्ध कराने के लिए तैयार है। भूकंप के बाद पूरे देश के स्कूलों और कॉलेजों में कक्षाएं स्थगित कर दी गई हैं। लोगों से खुले स्थानों पर रहने और प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।
इसी बीच एशिया में भी जापान की धरती 6.9 तीव्रता के भूकंप से कांप उठी। जापान के आओमोरी और इवाते प्रांतों में झटके महसूस किए गए। हालांकि वहां सुनामी की कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है और प्रशासन ने एहतियात के तौर पर निगरानी बढ़ा दी है।