लखीसराय : बजरंग दल, लखीसराय के जिला सह-सुरक्षा प्रमुख निर्मल कश्यप को संगठन विरोधी गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने के बाद तत्काल प्रभाव से निष्क्रिय कर दिया गया है। यह कार्रवाई बजरंग दल दक्षिण बिहार के प्रांत संयोजक रजनीश कुमार द्वारा की गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, निर्मल कश्यप पर आरोप है कि वे पिछले कुछ समय से संगठन की मर्यादाओं के खिलाफ व्यक्तिगत राजनीतिक गतिविधियों में संलग्न थे। प्रांत स्तर पर की गई समीक्षा में यह स्पष्ट हुआ कि उन्होंने संगठन के नाम का उपयोग अपने राजनीतिक स्वार्थ के लिए किया, जो संगठन की नीतियों के विरुद्ध है।

इस संबंध में बजरंग दल ने स्पष्ट किया है कि संगठन के सिद्धांतों और अनुशासन से समझौता करने वाले किसी भी पदाधिकारी को बख्शा नहीं जाएगा। रजनीश कुमार ने कहा कि अनुशासनहीनता और पद के दुरुपयोग को किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, चाहे संबंधित व्यक्ति संगठन में किसी भी पद पर क्यों न हो।