अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर लखीसराय की ऐतिहासिक लाली पहाड़ी बनी योग साधना की भूमि
- Post By Admin on Jun 21 2025
.jpg)
लखीसराय : अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2025 के अवसर पर शुक्रवार को लखीसराय जिला प्रशासन ने ऐतिहासिक और पुरातात्विक महत्व वाली लाली पहाड़ी पर सामूहिक योगाभ्यास का आयोजन किया। इस विशेष कार्यक्रम की अगुवाई जिला पदाधिकारी श्री मिथिलेश मिश्र ने की, जिसमें जिले के वरिष्ठ अधिकारियों और कर्मियों ने भाग लिया। योग अभ्यास का संचालन आर्ट ऑफ लिविंग के नवादा जिला से आए प्रशिक्षक सत्यनारायण प्रसाद ने किया।
लाली पहाड़ी, जो कभी बौद्ध भिक्षुओं के योग और ध्यान का प्रमुख केंद्र रहा है, पर योगाभ्यास कर प्रशासन ने न सिर्फ इसके ऐतिहासिक महत्व को पुनः रेखांकित किया बल्कि इसके पर्यटन विकास की संभावनाओं को भी सामने लाने का प्रयास किया।
इस आयोजन को आगामी बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के मद्देनजर मतदाता जागरूकता से भी जोड़ा गया। SVEEP कोषांग की पहल पर योग और मतदान के संदेश को मिलाकर कई प्रेरणादायक नारे दिए गए, जैसे—
-
फिट इंडिया, वोट इंडिया।
-
योग से जीवन, मतदान से लोकतंत्र।
-
स्वस्थ नागरिक, सजग मतदाता।
-
योग अभ्यास करें, लोकतंत्र मजबूत करें।
-
स्वस्थ और ऊर्जावान जीवन के लिए योग करें।
इन नारों के साथ लखीसराय जिले के विभिन्न स्थानों पर भी योगाभ्यास आयोजित किए गए।
कार्यक्रम में अपर समाहर्ता सुधांशु शेखर, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर कुमार, स्थापना उप समाहर्ता शशि कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी विनोद प्रसाद, कार्यपालक पदाधिकारी बड़हिया रवि आर्या व वरिष्ठ उप समाहर्ता रवि कुमार समेत कई पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।
गौरतलब है कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की पहल 2014 में भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा संयुक्त राष्ट्र महासभा में की गई थी, जिसे 11 दिसंबर 2014 को अनुमोदन मिलने के बाद हर वर्ष 21 जून को पूरी दुनिया में मनाया जाता है।