बुजुर्गों के सम्मान और गरिमा की रक्षा के लिए डालसा द्वारा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
- Post By Admin on Jun 15 2026
लखीसराय : विश्व वृद्ध दुर्व्यवहार जागरूकता दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा), लखीसराय के तत्वावधान में सोमवार को खड्गवारा में वरिष्ठ नागरिकों के अधिकार, सम्मान और गरिमा को लेकर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम जागृति स्कीम-2025 के तहत प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, लखीसराय के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिकों के अधिकारों, उनकी सुरक्षा, सम्मान और कल्याण से संबंधित कानूनों एवं सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
वक्ताओं ने कहा कि समाज में बुजुर्गों को सम्मानजनक जीवन प्रदान करना सभी की जिम्मेदारी है और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए कानूनी प्रावधान भी मौजूद हैं। इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव विधानंद सागर ने बताया कि राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकार (नालसा) के निर्देशानुसार पूरे जिले में वरिष्ठ नागरिकों के अधिकार, सशक्तिकरण और गरिमा को लेकर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विश्व वृद्ध दुर्व्यवहार जागरूकता दिवस के तहत लोगों को बुजुर्गों के प्रति संवेदनशील बनाने और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि डालसा, लखीसराय की ओर से जागरूकता रैली का भी आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान माता-पिता एवं वरिष्ठ नागरिकों का भरण-पोषण और कल्याण अधिनियम, 2007 के विभिन्न प्रावधानों की जानकारी उपस्थित लोगों को दी गई तथा बुजुर्गों को उपलब्ध कानूनी सहायता और संरक्षण संबंधी अधिकारों पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम में सामाजिक सुरक्षा कोषांग के सहायक निदेशक, पैनल अधिवक्ता श्रीमती चंदा कुमारी, रिटेनर अधिवक्ता दिवाकर पांडे, पीएलवी पंकज भारती, जुली कुमारी, विजय महतो, रोहित कुमार सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों की रक्षा के लिए समाज के सभी वर्गों से सहयोग और संवेदनशीलता बनाए रखने की अपील की गई।