आयुष्मान कार्ड विशेष अभियान के लिए जागरूकता रथ रवाना
- Post By Admin on Nov 23 2024
लखीसराय : आयुष्मान भारत योजना के तहत आयुष्मान कार्ड निर्माण के लिए 20 नवंबर से शुरू हुए विशेष अभियान को लेकर जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से शनिवार को सिविल सर्जन डॉ. विनोद प्रसाद सिन्हा ने प्रचार रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह अभियान 10 दिसंबर तक चलेगा जिसमें जिले के लोगों को आयुष्मान कार्ड बनाने और इसके लाभों के प्रति जागरूक किया जाएगा।
सिविल सर्जन ने बताया कि 70 वर्ष या उससे अधिक उम्र के वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष सुविधा उपलब्ध कराई गई है। आशा कार्यकर्ता उनके घर-घर जाकर आयुष्मान कार्ड बनवाने में मदद करेंगी। प्रत्येक कार्ड के लिए आशा कार्यकर्ताओं को 5 रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।
आयुष्मान कार्ड निर्माण के लिए वसुधा केंद्रों और आशा कार्यकर्ताओं की मदद से घर-घर जाकर कार्ड बनाए जा रहे हैं। इस कार्ड के जरिए एम्स, आईजीआईएमएस जैसे सरकारी अस्पतालों और अपोलो, पारस जैसे चयनित निजी अस्पतालों में 5 लाख रुपये तक का निःशुल्क इलाज कराया जा सकता है। लखीसराय जिले के तीन निजी अस्पताल भी इस योजना में शामिल हैं जहां मुफ्त चिकित्सा सुविधा उपलब्ध है।
जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे इस अभियान का लाभ उठाएं और समय पर अपना आयुष्मान कार्ड बनवाएं। सहायता और जानकारी के लिए सदर अस्पताल में जिला कमांड और कंट्रोल सेंटर स्थापित किया गया है। नागरिक टोल-फ्री नंबर 104 या 14555 पर संपर्क कर भी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।