मानवाधिकार आयोग में पहुंचा भूमि विवाद मामला, थानाध्यक्ष पर गंभीर आरोप
- Post By Admin on May 22 2026
मुजफ्फरपुर : जिले के मीनापुर अंचल अंतर्गत सिवाईपट्टी थाना क्षेत्र में विवादित भूमि पर निर्माण कार्य को लेकर नया विवाद सामने आया है। स्थानीय निवासी मो. असरफ अंसारी ने बिहार राज्य मानवाधिकार आयोग और राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग में शिकायत दर्ज कराते हुए सिवाईपट्टी थानाध्यक्ष पर मिलीभगत और लापरवाही के गंभीर आरोप लगाए हैं।
पीड़ित मो. असरफ अंसारी का आरोप है कि उन्होंने विवादित भूमि मामले को लेकर 7 मई 2026 को अनुमंडल दंडाधिकारी (पूर्वी), मुजफ्फरपुर की अदालत में बीएनएसएस की धारा 163 के तहत आवेदन दायर किया था। इस आवेदन पर संज्ञान लेते हुए न्यायालय ने कार्यालय ज्ञापांक 3231, दिनांक 07.05.2026 के माध्यम से सिवाईपट्टी थानाध्यक्ष को मामले की जांच कर प्रतिवेदन समर्पित करने और आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया था। शिकायतकर्ता का आरोप है कि न्यायालय के आदेश के बावजूद पुलिस की ओर से कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि थानाध्यक्ष ने विपक्षी पक्ष से मिलीभगत कर विवादित भूमि पर निर्माण कार्य शुरू करा दिया, जबकि मामला न्यायिक प्रक्रिया में लंबित है।
पीड़ित ने मानवाधिकार अधिवक्ता एस.के. झा के माध्यम से बिहार राज्य मानवाधिकार आयोग और राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग में अलग-अलग याचिकाएं दायर की हैं। अधिवक्ता एस.के. झा ने कहा कि पुलिस द्वारा मामले में ठोस कार्रवाई नहीं किए जाने से पीड़ित काफी परेशान हैं। याचिका में आयोग से सिवाईपट्टी थानाध्यक्ष के विरुद्ध कार्रवाई करने तथा मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की गई है।