गुस्साएं बाढ़ पीड़ितों ने मुजफ्फरपुर-सीतामढ़ी रोड किया जाम, पथराव कर पुलिस कर्मियों को खदेड़ा

  • Post By Admin on Oct 04 2024
गुस्साएं बाढ़ पीड़ितों ने मुजफ्फरपुर-सीतामढ़ी रोड किया जाम, पथराव कर पुलिस कर्मियों को खदेड़ा

मुजफ्फरपुर : बिहार में करीब 17 जिले बाढ़ से प्रभावित है। जिसमें बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में भी बाढ़ से कई प्रखंड के दर्जनों गांव प्रभावित है। जिस कारण जन जीवन अस्त व्यस्त हो गया हैI शुक्रवार को मुजफ्फरपुर में बाढ पीड़ितों गुस्सा फूट पड़ाI बाढ़ पीड़ितों को किसी तरह की सरकारी मदद नहीं मिल रही है। इसी बात से गुस्साएं लोगों ने मुजफ्फरपुर-सीतामढ़ी मुख्य मार्ग को बांस बल्ला से घेर, टायर जला और सड़क जाम कर आक्रोश व्यक्त किया। जिससे यातायात पूरी तरह से बाधित हो गया और राहगीरों को परेशानियों का सामना करना पड़ाI

आक्रोशित बाढ़ पीड़ितों का कहना है कि हमारी सुनने वाला कोई नहीं है इसलिए सड़क पर जिंदगी काट रहे है और जिला प्रशासन कुंभकर्णी नींद सोया हुआ है। लोगों का आरोप है कि बाढ़ पीड़ितों को खाना खिलाने से पहले आपदा प्रबंधन और मुजफ्फरपुर औराई के पदाधिकारी ने अंगूठे का निशान लगवाया। बिना अंगूठा लगाए किसी को खाना तक नहीं दिया गया। इसी बात से लोग गुस्सा हो गएI सरकार की बेरुखी से नाराज उग्र बाढ़ पीड़ितों ने इस दौरान पुलिस को खदेड़ दिया और पथराव किया। जिसके बाद पुलिस कर्मी वहां से जान बचाकर भाग निकले। पुलिस पर हुए हमले के बाद मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल को भेजा गया है। 

आक्रोशित बाढ़ पीड़ितों ने सरकार और उनके अधिकारियों के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया और नारेबाजी की। लोगों का कहना था कि ये लोग सिर्फ फोटो खिंचवाने आते हैं लेकिन मदद नहीं करते। बाढ़ पीड़ितों के लिए किसी तरह की कोई व्यवस्था नहीं की गई है। अधिकारी भी फोटो खींचवाने में मशगूल रहते हैं। 

वहीं टायर को भी बीच सड़क पर जलाकर आवागमन को पूरी तरह से बाधित कर दिया। बता दें कि मुजफ्फरपुर ज़िले में जहां एक तरफ बीते दिनों बागमती नदी के जलस्तर में वृद्धि से ज़िले के औराई, कटरा और गायघाट प्रखंड के तकरीबन दो दर्जन से अधिक पंचायत पूरी तरह से बाढ़ से प्रभावित हो गया हैI इसके बाद बाढ़ पीड़ित लोग ऊंचे स्थानों के साथ-साथ मुख्य सड़कों पर भी आश्रय लेने को मजबूर हैI कई जगहों पर प्रशासन ने जो व्यवस्था की है वो मुकम्मल नहीं है। 

हालांकि, दो दिनों में बागमती नदी के जलस्तर में आई कमी के बाद लोगों ने ठीक से राहत की सांस ली भी नहीं थी कि औराई प्रखंड के रामखेतारी पंचायत में लखनदेई नदी का तटबंध टूट गयाI जिससे तकरीबन एक दर्जन पंचायत बाढ़ से प्रभावित हो गए, तो वहीं दूसरी तरफ सीतामढ़ी में बीते दिनों बागमती नदी का तटबंध टूट गया था और जिसके आगोश में मुजफ्फरपुर के औराई प्रखंड के कई पंचायत आ गए थेI यूं कहें कि औराई प्रखंड के लोगों को नदियों के त्रासदी का सामना करना पड़ाI ऐसे में लोग पिछले कई दिनों से मुजफ्फरपुर-सीतामढ़ी NH 77 को अपना आशियाना बना रखे हैI अपने परिवार और मवेशियों को लेकर NH 77 किनारे ही अपना जीवन यापन करने को मजबूर हैं।