हलसी में कृषि उद्यमी सेवा केंद्र का शुभारंभ, किसानों को मिलेगा खाद-बीज और तकनीकी सलाह

  • Post By Admin on Jun 16 2026
हलसी में कृषि उद्यमी सेवा केंद्र का शुभारंभ, किसानों को मिलेगा खाद-बीज और तकनीकी सलाह

लखीसराय : किसानों को कृषि कार्यों के लिए आवश्यक संसाधन, गुणवत्तापूर्ण खाद-बीज एवं तकनीकी सलाह उपलब्ध कराने के उद्देश्य से हलसी प्रखंड के कैदी गांव में स्मृति कृषि उद्यमी सेवा केंद्र का शुभारंभ किया गया। केंद्र के शुरू होने से क्षेत्र के सैकड़ों किसानों को कृषि संबंधी सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध हो सकेंगी।

कृषि उद्यमी सेवा केंद्र का उद्घाटन ज्ञान जीविका महिला संकुल स्तरीय संघ की सचिव विनीता देवी ने किया। इस केंद्र का संचालन जीविका दीदी स्मृति कुमारी द्वारा किया जाएगा। केंद्र के माध्यम से किसानों को कृषि इनपुट, आधुनिक खेती संबंधी जानकारी तथा विभिन्न कृषि योजनाओं से जुड़ी सलाह उपलब्ध कराई जाएगी। जानकारी के अनुसार लखीसराय जिले में वर्तमान में जीविका दीदियों द्वारा संचालित 32 कृषि उद्यमी सेवा केंद्र कार्यरत हैं। इन केंद्रों के माध्यम से जिले के हजारों किसान लाभान्वित हो रहे हैं और उन्हें खेती-किसानी से संबंधित आवश्यक सामग्री एवं मार्गदर्शन समय पर उपलब्ध कराया जा रहा है।

उद्घाटन समारोह के अवसर पर जीविका के प्रबंधक (कृषि) रोहित कुमार, जीविकोपार्जन विशेषज्ञ इशिता मुखर्जी, प्रबंधक (पशुधन) रोहित कुमार, सिजेंटा फाउंडेशन के प्रतिनिधि प्रभात कुमार सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। वक्ताओं ने कहा कि कृषि उद्यमी सेवा केंद्र ग्रामीण किसानों को आत्मनिर्भर बनाने और कृषि उत्पादन बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। इस अवसर पर किसानों से आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने तथा उपलब्ध सेवाओं का अधिकतम लाभ उठाने की अपील भी की गई।