सखी वार्ता कार्यक्रम में महिलाओं को योजनाओं और अधिकारों के प्रति किया गया जागरूक
- Post By Admin on Jun 20 2026
लखीसराय : महिला एवं बाल विकास निगम, लखीसराय के तत्वावधान में तथा संकल्प हब फॉर एंपावरमेंट ऑफ वीमेन के सहयोग से सूर्यगढ़ा प्रखंड के नवाबगंज गांव स्थित आंगनबाड़ी केंद्र संख्या-11 पर सखी वार्ता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (आईसीडीएस) सह मिशन शक्ति की नोडल पदाधिकारी श्रीमती बंदना पाण्डेय ने की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्रीमती बंदना पाण्डेय ने कहा कि महिला एवं बाल विकास निगम की पहल के तहत साप्ताहिक सखी वार्ता का आयोजन कर महिलाओं को उनके अधिकारों, सरकारी योजनाओं और सामाजिक मुद्दों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। साथ ही विभिन्न विभागों के समन्वय से महिलाओं की समस्याओं के समाधान की दिशा में भी प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने सखी वन स्टॉप सेंटर एवं बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना की विस्तृत जानकारी देते हुए महिलाओं को इन योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर संचालित सामाजिक अंकेक्षण (सोशल ऑडिट) के संबंध में भी लाभुकों को जानकारी दी गई तथा इसकी उपयोगिता से अवगत कराया गया। महिला सशक्तिकरण केंद्र के जिला मिशन समन्वयक प्रशांत कुमार ने महिलाओं और किशोरियों के लिए उपलब्ध हेल्पलाइन नंबर 181 की जानकारी देते हुए बताया कि किसी भी प्रकार की समस्या या शिकायत के लिए इस नंबर पर संपर्क किया जा सकता है। उन्होंने मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना और प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम के अंत में बाल विवाह रोकथाम को लेकर उपस्थित महिलाओं को सामूहिक शपथ दिलाई गई और समाज से इस कुप्रथा को समाप्त करने का संकल्प दिलाया गया।आंगनबाड़ी सेविका सुनीता कुमारी ने धन्यवाद ज्ञापन कर कार्यक्रम का समापन किया। इस अवसर पर लैंगिक विशेषज्ञ नवीन कुमार सहित बड़ी संख्या में महिलाएं एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।