शिक्षा विभाग के कार्यालय में हाई वोल्टेज ड्रामा, शिक्षक और डाटा एंट्री ऑपरेटर में मारपीट
- Post By Admin on Jun 08 2026
लखीसराय : शिक्षा विभाग के स्थापना कार्यालय में सोमवार को उस समय अफरातफरी मच गई जब एक शिक्षक और डाटा एंट्री ऑपरेटर के बीच विवाद गाली-गलौज से बढ़कर मारपीट तक पहुंच गया। घटना टाउन थाना क्षेत्र के पुरानी बाजार नया टोला स्थित स्थापना कार्यालय की है, जहां लगभग एक घंटे तक हंगामे की स्थिति बनी रही।
जानकारी के अनुसार डाटा एंट्री ऑपरेटर अमित कुमार और चानन प्रखंड के रायकुंडी गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय के शिक्षक कैलाश कुमार के बीच किसी कार्य को लेकर कहासुनी शुरू हुई। देखते ही देखते विवाद उग्र हो गया और दोनों के बीच धक्का-मुक्की तथा मारपीट होने लगी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार्यालय में मौजूद अन्य कर्मियों ने बीच-बचाव का प्रयास किया, लेकिन मामला शांत नहीं होने पर 112 डायल पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए दोनों पक्षों को हिरासत में लेकर टाउन थाना के हवाले कर दिया।
घटना के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए हैं। डाटा एंट्री ऑपरेटर अमित कुमार का आरोप है कि शिक्षक शराब के नशे में कार्यालय पहुंचे थे और विवाद के दौरान उनके साथ मारपीट की। वहीं शिक्षक कैलाश कुमार ने आरोप लगाया कि कार्यालय संबंधी जानकारी मांगने पर डाटा एंट्री ऑपरेटर ने उनके साथ गाली-गलौज की और बाद में मारपीट पर उतर आया।
पुलिस के अनुसार डाटा एंट्री ऑपरेटर की ओर से शिक्षक के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है। प्रारंभिक जांच में शिक्षक के शराब सेवन की पुष्टि होने की बात सामने आई है, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। इस घटना ने शिक्षा विभाग में अनुशासन और कार्यसंस्कृति को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। एक ही विभाग से जुड़े दो कर्मियों के बीच कार्यालय परिसर में हुई सार्वजनिक मारपीट को लेकर विभागीय स्तर पर भी चर्चा तेज हो गई है।