लखीसराय में स्वच्छता कार्यों की धीमी रफ्तार पर कार्रवाई, प्रखंड समन्वयकों का मानदेय स्थगित
- Post By Admin on Jun 15 2026
लखीसराय : जिला पदाधिकारी शैलेन्द्र कुमार की अध्यक्षता में सोमवार को समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में जिला गंगा समिति एवं जिला जल एवं स्वच्छता समिति की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में जल संरक्षण, गंगा स्वच्छता, ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन, प्लास्टिक कचरा प्रबंधन तथा स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) एवं लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान के तहत संचालित योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को स्वच्छता एवं जल संरक्षण से जुड़ी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने जनभागीदारी बढ़ाने, स्रोत स्तर पर कचरा पृथक्करण, डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, अपशिष्ट प्रबंधन इकाइयों के नियमित संचालन तथा सामुदायिक स्वच्छता परिसरों के बेहतर रखरखाव पर विशेष जोर दिया। समीक्षा के दौरान लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण प्रमंडल, लखीसराय के कार्यपालक अभियंता द्वारा जिले में स्थापित कुल चापाकलों, कार्यरत चापाकलों, मरम्मती योग्य चापाकलों एवं मरम्मत किए गए चापाकलों से संबंधित प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया। जिला पदाधिकारी ने कार्यपालक अभियंता एवं सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को जिले के 1016 वार्डों में नल-जल योजना की वास्तविक स्थिति का आकलन कर जांच प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
बैठक में 32 जनजातीय गांवों में पेयजल व्यवस्था एवं उपलब्धता का सर्वेक्षण कर अनुपालन प्रतिवेदन प्रस्तुत करने का निर्देश भी लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग को दिया गया। इसके अलावा जिला गंगा समिति के अंतर्गत गंगा एवं अन्य जल स्रोतों के संरक्षण, प्रदूषण नियंत्रण और जन-जागरूकता कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए। जिला पदाधिकारी ने सभी प्रखंडों को निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्यों में तेजी लाने तथा नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही कार्यों में शिथिलता बरतने के कारण सभी प्रखंड समन्वयकों (लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान) एवं सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी-सह-स्वच्छता पदाधिकारियों का जून माह का मानदेय स्थगित करने का निर्देश भी दिया गया।
बैठक के अंत में जिले को स्वच्छ, स्वस्थ एवं पर्यावरणीय दृष्टि से समृद्ध बनाने के लिए सामूहिक प्रयासों पर बल दिया गया। इस अवसर पर अपर समाहर्ता नीरज कुमार, उप विकास आयुक्त-सह-उपाध्यक्ष जिला जल एवं स्वच्छता समिति, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (आईसीडीएस) वंदना पाण्डेय सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, प्रखंड समन्वयक, स्वच्छता पर्यवेक्षक एवं अन्य संबंधित प्रतिनिधि उपस्थित थे।