स्व. वीरेंद्र कुमार सिंह स्मृति नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन, नासिर इलेवन ने जीता खिताब
- Post By Admin on Jun 15 2026
लखीसराय : पूर्व मुखिया एवं वरिष्ठ भाजपा नेता स्वर्गीय वीरेंद्र कुमार सिंह की स्मृति में कजरा के चकथानी मैदान में आयोजित नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला रविवार देर रात खेला गया। रोमांचक मुकाबले में नासिर इलेवन ने अमित इलेवन को 37 रन से पराजित कर टूर्नामेंट की ट्रॉफी अपने नाम कर ली।
फाइनल मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए नासिर इलेवन ने निर्धारित 15 ओवर में चार विकेट के नुकसान पर 231 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से निखिल ने ताबड़तोड़ 89 रन की शानदार पारी खेली, जबकि राबिहारी ने 60 रन बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। 232 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी अमित इलेवन की टीम निर्धारित ओवरों में नौ विकेट खोकर 194 रन ही बना सकी। राहुल दत्ता ने संघर्षपूर्ण 52 रन की पारी खेली, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। नासिर इलेवन की ओर से सोनू सगौरा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार विकेट चटकाए, जिसके लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच के पुरस्कार से सम्मानित किया गया। पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले नासिर इलेवन के बल्लेबाज निखिल को 258 रन बनाने के लिए मैन ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया।
फाइनल मुकाबले के मुख्य अतिथि नवीनगर (औरंगाबाद) के विधायक चेतन आनंद, उनकी धर्मपत्नी डॉ. आयुषी सिंह, डीएसपी प्रशांत कुमार, जिला परिषद सदस्य एवं जन सुराज के प्रदेश महासचिव अमित सागर, सामाजिक कार्यकर्ता सौरव सुमन, रामपुर मुखिया सुधांशु कुमार, अरमा मुखिया प्रतिनिधि विक्रम कुमार, श्रीकिसून सरपंच प्रतिनिधि सुबोध कुमार, सामाजिक कार्यकर्ता इनायत हुसैन, मृत्युंजय सिंह एवं आर. लाल गुप्ता मौजूद रहे। अतिथियों ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए विजेता टीम को 41 हजार रुपए तथा उपविजेता टीम को 21 हजार रुपए की पुरस्कार राशि प्रदान की। मैच के दौरान प्रसिद्ध कमेंटेटर पुरनेंदु शेखर की रोचक कमेंट्री और चौके-छक्कों पर अशोक बेलपत्र के डांस ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। प्रतियोगिता में संतोष जैक्शन एवं सचिन कुमार ने अंपायर तथा केशव पाठक एवं गुलशन कुमार ने स्कोरर की भूमिका निभाई। टूर्नामेंट के सफल आयोजन में अमरनाथ झा, नितेश कुमार, प्रभाकर सिंह, सन्नी भारद्वाज, निहाल कुमार, निपेंद्र कुमार, मोनू झा और राजन कुमार सहित आयोजन समिति के सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।