राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के हेलीकॉप्टर की लैडिंग के दौरान टला हादसा, सुरक्षा में चूक उजागर
- Post By Admin on Oct 22 2025

तिरुवनंतपुरम : केरल में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के दौरे के दौरान बुधवार को एक बड़ा हादसा टल गया। पथानमथिट्टा जिले के प्रमदम स्थित राजीव गांधी इंडोर स्टेडियम में राष्ट्रपति के हेलीकॉप्टर की लैंडिंग के समय हेलीपैड धंस गया, जिससे सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। हालांकि, राष्ट्रपति मुर्मू, उनके साथ मौजूद सुरक्षाकर्मी और चालक दल के सदस्य पूरी तरह सुरक्षित हैं।
सूत्रों के अनुसार, राष्ट्रपति मुर्मू सबरीमाला मंदिर दर्शन के लिए पहुंची थीं। खराब मौसम और बारिश के कारण हेलीकॉप्टर की लैंडिंग का स्थान निलक्कल से बदलकर प्रमदम स्टेडियम किया गया था। यहां जल्दबाजी में नया कंक्रीट डाला गया था, जो पूरी तरह सूख नहीं पाया था। जैसे ही हेलीकॉप्टर उतरा, उसके पहिए गीले कंक्रीट में धंस गए।
तत्काल एक्शन से टला बड़ा हादसा
सुरक्षा अधिकारियों, पुलिस और फायर एंड रेस्क्यू सर्विसेज की टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए हेलीकॉप्टर की स्थिरता सुनिश्चित की। थोड़ी देर बाद स्थिति सामान्य होने पर राष्ट्रपति को सुरक्षित बाहर निकाला गया और वे अपने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सबरीमाला मंदिर रवाना हुईं।
चार दिवसीय दौरे पर राष्ट्रपति
राष्ट्रपति मुर्मू 21 अक्टूबर से चार दिवसीय केरल दौरे पर हैं। अपने इस दौरे के दौरान वे कई धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में शामिल होंगी।
-
22 अक्टूबर को वे सबरीमाला मंदिर में दर्शन और आरती करेंगी।
-
23 अक्टूबर को तिरुवनंतपुरम में पूर्व राष्ट्रपति के.आर. नारायणन की प्रतिमा का अनावरण करेंगी और वर्खला स्थित शिवगिरी मठ में श्री नारायण गुरु की महासमाधि शताब्दी समारोह का उद्घाटन करेंगी।
-
इसके बाद वे सेंट थॉमस कॉलेज, पलई की प्लेटिनम जुबिली समापन समारोह में भाग लेंगी।
-
24 अक्टूबर को एर्नाकुलम स्थित सेंट टेरेसा कॉलेज के शताब्दी समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी।
सुरक्षा में लापरवाही पर उठे सवाल
घटना के बाद राष्ट्रपति की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि हेलीपैड निर्माण में जल्दबाजी के कारण यह तकनीकी त्रुटि हुई। मामले की आंतरिक जांच शुरू कर दी गई है ताकि भविष्य में ऐसी किसी भी चूक से बचा जा सके।