बिखर चुका है महागठबंधन, बिहार को नहीं रख पाएंगे एकजुट : चिराग पासवान

  • Post By Admin on Oct 22 2025
बिखर चुका है महागठबंधन, बिहार को नहीं रख पाएंगे एकजुट : चिराग पासवान

पटना : लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने बुधवार को बिहार में महागठबंधन पर करारा हमला बोला। उन्होंने कहा कि महागठबंधन के अंदर गहरी फूट और अव्यवस्था है, जिससे यह साफ है कि जो दल अपने गठबंधन को नहीं संभाल सकते, वे बिहार को कैसे एकजुट रख पाएंगे।

मीडिया से बात करते हुए चिराग पासवान ने सवाल उठाया, “महागठबंधन में इतनी गड़बड़ी चल रही है, लेकिन राहुल गांधी कहां हैं? क्या यह राहुल गांधी और तेजस्वी यादव की नैतिक जिम्मेदारी नहीं थी कि वे बैठकर मतभेदों को सुलझाते? यह कांग्रेस की गंभीरता की कमी को दर्शाता है।”

उन्होंने दावा किया कि 14 नवंबर के बाद बिहार में एनडीए की सरकार बनेगी, क्योंकि जनता अब समझ चुकी है कि महागठबंधन केवल सत्ता की राजनीति में उलझा है।

वंचितों के साथ छल का आरोप
चिराग पासवान ने दशरथ मांझी के बेटे भागीरथ मांझी को टिकट न दिए जाने के मुद्दे पर कांग्रेस और महागठबंधन पर वंचित वर्गों के साथ “छल और अपमान” का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, “महागठबंधन के नेता सिर्फ चुनावी मौकों पर गरीब और वंचित तबकों की बात करते हैं, लेकिन असल में उनका उद्देश्य सिर्फ अपने राजनीतिक हितों की पूर्ति करना है।”

राहुल गांधी और तेजस्वी पर तंज
महागठबंधन में अव्यवस्था को लेकर चिराग ने कहा, “इतनी गड़बड़ी के बावजूद अगर वे सत्ता की उम्मीद कर रहे हैं, तो यह ‘मुंगेरी लाल के सपने’ जैसा है। अब जब सब कुछ बिखर चुका है, तब जाकर अशोक गहलोत बिहार पहुंचे हैं। इतने दिनों तक वे सब कहां थे?”

राहुल गांधी पर कटाक्ष करते हुए चिराग ने कहा, “वे जिस तरह हरियाणा में औंधे मुंह गिरे, बिहार में भी वही हाल होने वाला है।”

उन्होंने महागठबंधन की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि जनता अब इस दिखावे की राजनीति को समझ चुकी है और बिहार की जनता एनडीए के साथ है, क्योंकि वही स्थिरता और विकास का भरोसा देता है।