वृंदावन वृद्धाश्रम में सेवा का अनूठा अभियान, वृद्धजनों के बने आयुष्मान और वृद्धा पेंशन कार्ड
- Post By Admin on May 31 2026
मुजफ्फरपुर : सोशल वर्कर फॉर वुमेन इम्पावरमेंट संस्था की ओर से वृंदावन वृद्धाश्रम में रह रहे वृद्धजनों के लिए विशेष सेवा एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान वृद्धजनों के आयुष्मान कार्ड एवं वृद्धा पेंशन कार्ड बनवाए गए, ताकि उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके और वे अपनी दैनिक जरूरतों को बेहतर ढंग से पूरा कर सकें।
संस्था की ओर से बताया गया कि आयुष्मान कार्ड के माध्यम से वृद्धजनों को गंभीर बीमारी की स्थिति में बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सकेगी, वहीं वृद्धा पेंशन से उन्हें आर्थिक संबल मिलेगा। कार्यक्रम के तहत आश्रम में रह रहे सभी वृद्धजनों का आयुष्मान कार्ड और वृद्धा पेंशन कार्ड बनवाया गया। इसके साथ ही शहर के प्रतिष्ठित चिकित्सक डॉ. ए.के. धीरज के सहयोग से निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में सभी वृद्धजनों की स्वास्थ्य जांच की गई तथा आवश्यक दवाएं भी उपलब्ध कराई गईं। संस्था ने आश्वासन दिया कि जांच, दवा और आगे के उपचार संबंधी आवश्यक सहायता भी वृद्धजनों को उपलब्ध कराई जाएगी।
आयुष्मान कार्ड एवं वृद्धा पेंशन कार्ड बनाने में यशराज की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वृद्धाश्रम में रह रहे लगभग 13 वृद्धजनों को इस पहल का लाभ मिला। कार्यक्रम के दौरान वृंदावन वृद्धाश्रम के संयोजक सुनील कुमार, पप्पू कुमार, संस्था की संयोजक बबली कुमारी, दिव्यराज, डॉ. ए.के. धीरज, यशराज तथा संस्था के अन्य सदस्य एवं वृद्धजन उपस्थित रहे।