धूम्रपान और तंबाकू सेवन से दूर रहने का संकल्प, सिविल कोर्ट में आयोजित हुआ शपथ कार्यक्रम

  • Post By Admin on May 31 2026
धूम्रपान और तंबाकू सेवन से दूर रहने का संकल्प, सिविल कोर्ट में आयोजित हुआ शपथ कार्यक्रम

लखीसराय : विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार, लखीसराय के तत्वावधान में सिविल कोर्ट, लखीसराय के सभागार कक्ष में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर न्यायमंडल के माननीय न्यायिक अधिकारियों एवं न्यायालय कर्मियों ने तंबाकू और धूम्रपान से दूर रहने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी न्यायिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने शपथ लेते हुए न केवल स्वयं धूम्रपान एवं तंबाकू उत्पादों के सेवन से दूर रहने, बल्कि अपने परिजनों, मित्रों एवं परिचितों को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने तथा तंबाकू सेवन छोड़ने के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर तंबाकू एवं धूम्रपान से होने वाले स्वास्थ्य संबंधी गंभीर दुष्परिणामों पर भी चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि तंबाकू सेवन कई गंभीर बीमारियों का प्रमुख कारण है और इससे बचाव के लिए जनजागरूकता अत्यंत आवश्यक है। जिला विधिक सेवा प्राधिकार द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा तंबाकू मुक्त समाज के निर्माण के लिए सकारात्मक संदेश देना था।