करियर की नई उड़ान: एलएनटी कॉलेज के सात छात्रों को सुदामा न्यूज़ ने दिया इंटर्नशिप ऑफर
- Post By Admin on Jul 10 2026
मुजफ्फरपुर: एलएनटी महाविद्यालय के विद्यार्थियों के लिए करियर की दिशा में एक महत्वपूर्ण अवसर सामने आया है। सुदामा न्यूज़ की ओर से महाविद्यालय के सात विद्यार्थियों को तीन माह की पेड इंटर्नशिप का ऑफर प्रदान किया गया। चयन प्रक्रिया के तहत इच्छुक विद्यार्थियों का संक्षिप्त साक्षात्कार लिया गया, जिसके आधार पर सात अभ्यर्थियों का चयन किया गया।
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. ममता रानी ने चयनित विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इंटर्नशिप विद्यार्थियों के लिए केवल सीखने का माध्यम नहीं, बल्कि उनके व्यक्तित्व और व्यावसायिक कौशल को विकसित करने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने विद्यार्थियों से पूरी लगन, अनुशासन और ईमानदारी के साथ कार्य करते हुए इस अवसर का भरपूर लाभ उठाने का आह्वान किया। मौके पर उपस्थित डॉ. चितरंजन ने इंटर्नशिप के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आज के प्रतिस्पर्धी दौर में केवल शैक्षणिक ज्ञान पर्याप्त नहीं है। व्यावहारिक अनुभव, कार्य संस्कृति की समझ और पेशेवर दक्षता ही विद्यार्थियों को रोजगार के क्षेत्र में आगे बढ़ने में मदद करती है। उन्होंने छात्रों को इस अवसर को अपने भविष्य की मजबूत नींव बनाने की सलाह दी।
सुदामा न्यूज़ की ओर से बताया गया कि तीन माह की इस इंटर्नशिप के दौरान विद्यार्थियों को मीडिया, पत्रकारिता, कंटेंट निर्माण, रिपोर्टिंग और डिजिटल न्यूज़ प्रोडक्शन से जुड़े विभिन्न पहलुओं का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। इंटर्नशिप के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को भविष्य में संस्थान में रोजगार का अवसर भी प्रदान किया जा सकता है। चयनित विद्यार्थियों में सोनाली, निमिषा, समीक्षा, मीनाक्षी, श्वेता, ऋतिक और मो. अमानुल्लाह शामिल हैं। महाविद्यालय परिवार ने सभी चयनित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।