लखीसराय में तीन दिवसीय वार्षिक खेलकूद का आगाज: पहले दिन धावकों और गोला फेंक खिलाड़ियों ने दिखाया दम
- Post By Admin on Sep 29 2026
लखीसराय : जिले में खेल प्रतिभाओं को निखारने और मंच देने के उद्देश्य से तीन दिवसीय जिला स्तरीय वार्षिक खेल प्रतियोगिता (2026-27) का मंगलवार को विधिवत आगाज हो गया। इस प्रतियोगिता का उद्घाटन जिला पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार एवं अन्य वरीय अधिकारियों द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। 29 सितंबर से 1 अक्टूबर तक चलने वाले इस खेल महाकुंभ में जिले भर के विभिन्न विद्यालयों से आए बालक एवं बालिका वर्ग के खिलाड़ी विभिन्न खेल विधाओं में अपना दमखम दिखा रहे हैं। इस आयोजन के अंतर्गत एथलेटिक्स की विभिन्न दौड़ स्पर्धाओं (100 मीटर से लेकर 5000 मीटर तक) के अलावा गोला फेंक, ऊंची कूद, लंबी कूद, क्रिकेट, शतरंज, कबड्डी, योग, कराटे और कुश्ती जैसी प्रतिस्पर्धाएं आयोजित की जा रही हैं।
प्रतियोगिता के पहले दिन कई स्पर्धाओं के परिणाम भी घोषित किए गए। अंडर-19 बालक वर्ग की 400 मीटर दौड़ में गोविंद प्लस टू उच्च विद्यालय मानो के विवेक कुमार ने पहला स्थान झटका, जबकि प्लस टू उच्च विद्यालय खुटहा के सुदामा कुमार दूसरे और संत मैरी स्कूल सूर्यगढ़ा के सौरभ कुमार तीसरे स्थान पर रहे। अंडर-17 बालिका वर्ग की 800 मीटर दौड़ में प्लस टू उच्च विद्यालय अभयपुर की अन्नू कुमारी ने बाजी मारते हुए प्रथम स्थान पाया, वहीं मानिकपुर की खुशी कुमारी द्वितीय और खुटहा की सोनाली कुमारी तृतीय स्थान पर रहीं। अंडर-19 बालिका वर्ग में मध्य विद्यालय धीरा की छात्रा चांदनी कुमारी अव्वल रहीं, जबकि दुलारी कुमारी को दूसरा और दिव्या कुमारी को तीसरा स्थान मिला।
गोला फेंक (शॉट पुट) स्पर्धा के अंडर-14 बालक वर्ग में प्लस टू उच्च विद्यालय बड़हिया के निलेश कुमार ने बाजी मारी, वहीं सुमित कुमार द्वितीय व मोहम्मद नियाज तृतीय रहे। अंडर-17 बालक वर्ग के गोला फेंक में संत मैरी स्कूल सूर्यगढ़ा के सुधांशु रंजन पहले, कर्ण कुमार दूसरे और गोविंद कुमार तीसरे स्थान पर रहे। इसके अलावा अंडर-14 बालिका वर्ग की 400 मीटर दौड़ में प्लस टू उच्च विद्यालय बड़हिया की छात्रा तान्या कुमारी ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि प्रिया कुमारी दूसरे और ऋषिका भारती तीसरे स्थान पर रहीं।
खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास के निर्माण में रीढ़ की हड्डी की तरह कार्य करता है। उन्होंने बताया कि इस प्रतियोगिता के माध्यम से उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन कर उन्हें राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर जिले का प्रतिनिधित्व करने का अवसर दिया जाएगा। इस उद्घाटन समारोह में अपर समाहर्ता नीरज कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी मुकुल पंकज मणि, नजारत उप समाहर्ता प्राची कुमारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी यदुवंश राम सहित कई प्रशासनिक पदाधिकारी और खेल शिक्षक उपस्थित रहे।