स्वराज शूटिंग अकादमी के निशानेबाजों का शानदार प्रदर्शन, कई पदकों के साथ ईस्टर्न ज़ोन में बनाई जगह
- Post By Admin on Jun 26 2026
मुजफ्फरपुर : कल्याण बिघा इंडोर शूटिंग रेंज में 23 से 25 जून तक आयोजित 36वीं बिहार राज्य शूटिंग चैंपियनशिप में स्वराज शूटिंग अकादमी के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कई पदक अपने नाम किए। प्रतियोगिता के समापन पर आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में अकादमी के खिलाड़ियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया।
स्वराज शूटिंग अकादमी के लिए यह प्रतियोगिता कई मायनों में ऐतिहासिक रही। अकादमी के सभी 17 निशानेबाजों ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन के दम पर आगामी ईस्टर्न ज़ोन शूटिंग प्रतियोगिता के लिए सफलतापूर्वक क्वालीफाई किया। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि ने न केवल अकादमी बल्कि जिले और पूरे बिहार का गौरव बढ़ाया है।प्रतियोगिता में स्वराज भारद्वाज ने 10 मीटर एयर राइफल आईएसएसएफ जूनियर पुरुष वर्ग में रजत पदक और 10 मीटर एयर राइफल आईएसएसएफ सब यूथ पुरुष वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर दोहरी सफलता हासिल की। वहीं समर कुमार सिंह, ध्रुवेश कुमार सिंह और प्रतीक मिश्रा ने 10 मीटर एयर राइफल टीम सब यूथ पुरुष वर्ग (एनआर) में स्वर्ण पदक जीतकर टीम इवेंट में अकादमी का परचम लहराया। डॉ. अमित कुमार ने 10 मीटर एयर पिस्टल मास्टर्स पुरुष वर्ग (एनआर) में कांस्य पदक जीतकर अकादमी की उपलब्धियों में एक और पदक जोड़ा।
ईस्टर्न ज़ोन प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई करने वाले अन्य खिलाड़ियों में श्रेया भारद्वाज, सुमेधा सिंह, उज्ज्वल कुमार, अरिंजय राज, सूरज कुमार, दिव्यांशु कुमार, नवीन कुमार, आदित्य वर्मा, निशांत राज, नीतू राज, मोहित जाम्बुलकर तथा शांतनु अमन शामिल हैं। इन खिलाड़ियों ने अपने प्रदर्शन से आगामी प्रतियोगिता में स्थान सुनिश्चित करते हुए अकादमी की सफलता में महत्वपूर्ण योगदान दिया। अकादमी की इस सफलता का श्रेय कोच एवं प्रशिक्षक अमित घंसेला को भी दिया जा रहा है। खिलाड़ियों ने उनके मार्गदर्शन, अनुशासित प्रशिक्षण और निरंतर प्रोत्साहन को अपनी उपलब्धि का प्रमुख आधार बताया। उनके नेतृत्व में खिलाड़ियों ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल कीं।
स्वराज शूटिंग अकादमी एंड एजुकेशनल ट्रस्ट के सदस्य उज्वल कुमार, चंदा कुमारी, ऋषु आर्या, अमर सिंह, रंजन कुमार, धीरेंद्र भारद्वाज, अरिंजय राज सिंह, सूरज कुमार एवं अनिरुद्ध सिंह ने सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी मेहनत, अनुशासन और समर्पण का ही परिणाम है कि अकादमी लगातार राज्य स्तर पर सफलता हासिल कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि ये खिलाड़ी आगामी ईस्टर्न ज़ोन प्रतियोगिता के साथ-साथ राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी बिहार का नाम रोशन करेंगे।