आस्था का विराट उत्सव : महादेव शिव एवं राधा-कृष्ण मंदिर प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का शुभारंभ

  • Post By Admin on Jun 28 2026
आस्था का विराट उत्सव : महादेव शिव एवं राधा-कृष्ण मंदिर प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का शुभारंभ

लखीसराय : शहर के पुरानी बाजार स्थित महावीर मंदिर परिसर में महादेव शिव एवं राधा-कृष्ण मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का चार दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान रविवार को भव्य कलश शोभायात्रा के साथ प्रारंभ हो गया। श्रद्धालुओं की भारी भागीदारी और भक्ति गीतों से पूरा शहर भक्तिमय माहौल में सराबोर हो गया।

महावीर स्थान से निकली कलश यात्रा छोटी दुर्गा मंदिर, चितरंजन रोड, अभिमन्यु चौक, प्रभात चौक, थाना चौक और मुख्य सड़क होते हुए पुनः मंदिर परिसर पहुंची। यात्रा में सैकड़ों की संख्या में महिलाओं और कन्याओं ने सिर पर कलश धारण किया, जबकि पुरुष श्रद्धालु ध्वजा-पताका लेकर भगवान के जयकारे लगाते हुए शामिल हुए। शोभायात्रा में ढोल-नगाड़े, पारंपरिक वाद्य यंत्र, पंजाबी भांगड़ा, हाथी-घोड़े और आकर्षक धार्मिक झांकियां लोगों के आकर्षण का केंद्र रहीं। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया तथा श्रद्धालुओं के बीच शरबत और पेयजल का वितरण किया।

मंदिर परिसर पहुंचने के बाद वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कलश स्थापना की गई। महावीर मंदिर के मुख्य पुजारी आचार्य कैलाश पांडेय के नेतृत्व में विद्वान आचार्यों द्वारा विधि-विधान से धार्मिक अनुष्ठान शुरू कराया गया। आगामी चार दिनों तक प्राण प्रतिष्ठा, यज्ञ, पूजन, प्रवचन, भजन-कीर्तन और अन्य धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि महादेव शिव मंदिर और राधा-कृष्ण मंदिर की एक साथ प्राण प्रतिष्ठा क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण अवसर है। इस धार्मिक आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है और बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना है।