पंचायत विकास दिवस पर महिला सशक्तिकरण का संकल्प, योजनाओं की हुई समीक्षा

  • Post By Admin on Jun 28 2026
पंचायत विकास दिवस पर महिला सशक्तिकरण का संकल्प, योजनाओं की हुई समीक्षा

लखीसराय : राज्य सरकार के निर्देशानुसार जिले के सभी पंचायतों में रविवार को पंचायत विकास दिवस का आयोजन किया गया। मुख्य कार्यक्रम चानन प्रखंड की कुंदर ग्राम पंचायत स्थित पंचायत सरकार भवन में आयोजित हुआ, जहां ग्रामीण कार्य विभाग के मंत्री एवं लखीसराय के प्रभारी मंत्री सुनील कुमार ने कार्यक्रम का उद्घाटन किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि इस बार पंचायत विकास दिवस की थीम "महिला हितैषी ग्राम पंचायत" रखी गई है। उन्होंने महिलाओं की भागीदारी और सशक्तिकरण को ग्रामीण विकास की आधारशिला बताते हुए लोगों से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने तथा पंचायत स्तर पर विकास कार्यों में सक्रिय सहयोग देने की अपील की। मुखिया पुष्पा देवी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में पंचायत क्षेत्र में चल रही विकास योजनाओं की समीक्षा की गई। इस दौरान स्वच्छता, पेयजल, सड़क, नाली, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे बुनियादी मुद्दों पर चर्चा करते हुए ग्राम पंचायत विकास योजना (जीपीडीपी) के तहत प्राथमिकता वाले विकास कार्यों का निर्धारण किया गया। साथ ही वार्ड सदस्यों एवं संबंधित कर्मियों को योजनाओं की नियमित निगरानी के निर्देश दिए गए।

बैठक में महिला कल्याण योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष बल दिया गया। इसके अलावा ग्रामीणों को क्षय रोग (टीबी) के लक्षण, बचाव, समय पर जांच और निःशुल्क उपचार की जानकारी दी गई। ग्राम सभा ने पंचायत को टीबी मुक्त बनाने और महिलाओं तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने का भी निर्णय लिया।

कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों से विकास संबंधी सुझाव भी लिए गए और पंचायत के समग्र विकास में उनकी सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया गया। इस अवसर पर विधायक रामानंद मंडल, जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार, पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमार, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।