नई दिल्ली : चुनाव आयोग ने देश के चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव 2026 की तारीखों की घोषणा कर दी है। केरल, असम, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल के साथ केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में चुनाव कराए जाएंगे। सभी राज्यों और पुडुचेरी में हुए मतदान के नतीजे 4 मई को घोषित किए जाएंगे।
चुनाव आयोग के अनुसार केरल, असम और पुडुचेरी की सभी विधानसभा सीटों पर 9 अप्रैल को एक ही चरण में मतदान कराया जाएगा। वहीं तमिलनाडु में 23 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे।
पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव दो चरणों में होंगे। पहले चरण में 23 अप्रैल को 152 सीटों पर मतदान होगा, जबकि दूसरे चरण में 29 अप्रैल को 142 सीटों पर वोटिंग कराई जाएगी।
इसके अलावा छह राज्यों की आठ विधानसभा सीटों पर उपचुनाव भी कराए जाएंगे। गोवा, कर्नाटक, नगालैंड और त्रिपुरा की खाली सीटों पर 9 अप्रैल को मतदान होगा, जबकि महाराष्ट्र और गुजरात की तीन सीटों पर 23 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे।
चुनाव आयोग ने बताया कि जिन चार राज्यों और पुडुचेरी में चुनाव की घोषणा की गई है, वहां की विधानसभाओं का कार्यकाल मई और जून में अलग-अलग तारीखों पर समाप्त हो रहा है। इन सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश में विशेष गहन मतदाता सूची संशोधन (एसआईआर) के तहत अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जा चुकी है।
चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही राजनीतिक दलों ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कई दल उम्मीदवारों के चयन में जुट गए हैं, जबकि कांग्रेस ने असम के लिए अपने प्रत्याशियों की सूची भी जारी कर दी है।























