दावत-ए-इफ्तार में शिक्षा, उद्यमिता और समाज के विकास पर हुई चर्चा
- Post By Admin on Mar 15 2026
मुजफ्फरपुर : हाल ही में शहर में आयोजित एक दावत-ए-इफ्तार के अवसर पर मुस्लिम समाज के शैक्षणिक और आर्थिक सशक्तिकरण को लेकर व्यापक चर्चा की गई। इस अवसर पर जिले के बुद्धिजीवियों, अभिभावकों और सक्रिय कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर समाज के विकास के लिए दीर्घकालिक विजन और कार्ययोजना पर विचार-विमर्श किया।
बैठक के दौरान उद्यमिता, स्टार्टअप और उपलब्ध संसाधनों के बेहतर उपयोग जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। प्रतिभागियों ने मुस्लिम समाज में व्यवसायिक सोच को बढ़ावा देने, प्रतिस्पर्धात्मक माहौल तैयार करने और व्यापार से जुड़ी चुनौतियों से निपटने के लिए मजबूत इच्छाशक्ति विकसित करने पर जोर दिया।
इसके साथ ही प्राथमिक और उच्च शिक्षण संस्थानों के नव सृजन की आवश्यकता पर भी विचार रखा गया। वक्ताओं ने शिक्षा व्यवस्था में दूरदर्शी बदलाव लाने तथा समाज के कमजोर और वंचित वर्ग के लिए रोजगारोन्मुख और विकासोन्मुख शिक्षण व्यवस्था विकसित करने के संबंध में नीतिगत सुझाव साझा किए।
चर्चा के दौरान विभिन्न प्लेटफॉर्म से जुड़े लोगों द्वारा गठित टीमों के बीच बेहतर समन्वय और सहयोग के माध्यम से समाज के सर्वांगीण विकास के लिए मिलकर काम करने का संकल्प भी लिया गया।