पटना : बिहार में चार सीटों पर होने वाले उपचुनाव के लिए जहां अन्य दलों ने अब तक अपने उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया तक शुरू नहीं की है। वही जन सुराज' अपने उम्मीदवार की घोषणा करने वाली पहली पार्टी बन गई है।

जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर की मौजूदगी में प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती ने तरारी विधानसभा सीट से प्रत्याशी का ऐलान किया है। ऐलान करते हुए बताया गया है कि लेफ्टिनेंट जनरल एस. के. सिंह तरारी विधानसभा क्षेत्र से जनसुराज के उम्मीदवार होंगे। नाम का ऐलान होने के बाद लेफ्टिनेंट जनरल एस. के. सिंह ने कहा कि अबतक समाज से लिया है, अब समाज के लिए कुछ करने का समय है। इसी विश्वास के साथ चुनाव में उतरने का फैसला लिया है।

गौरतलब हो कि, प्रशांत किशोर ने इससे पहले 2 अक्टूबर को जन सुराज पार्टी की घोषणा की थी। तरारी से पार्टी उम्मीदवार के नाम का ऐलान करते हुए प्रशांत किशोर ने कहा कि उनकी पार्टी चारों सीट पर चुनाव लड़ेगी। उन्होंने यह भी कहा जल्द ही अन्य तीन सीटों पर भी कैंडिडेट का ऐलान कर दिया जाएगा।

बिहार की 4 विधानसभा सीटों तरारी, रामगढ़, इमामगंज और बेलागंज पर 13 नवंबर को उपचुनाव होंगे। ये सभी सीटें इस साल की शुरुआत में विधायकों के लोकसभा के लिए चुने जाने के बाद खाली हो गई थीं।

पिछले विधानसभा चुनाव में तरारी से सुदामा प्रसाद, रामगढ़ से सुधाकर सिंह, इमामगंज से जीतनराम मांझी और बेलागंज विधानसभा सीट से सुरेंद्र प्रसाद यादव जीते थे।

अब सुधाकर सिंह बक्सर, सुदामा प्रसाद आरा, सुरेंद्र प्रसाद यादव जहानाबाद और जीतनराम मांझी गया सीट से लोकसभा के लिए निर्वाचित हुए हैं। उपचुनावों की मतगणना 23 नवंबर को होगी। इस चुनाव में जितने वाले विधायकों का कार्यकाल करीब सालभर का होगा।