मुजफ्फरपुर में अग्निवीर भर्ती की तैयारियों का जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण
- Post By Admin on Jul 03 2024

मुजफ्फरपुर : 10 जुलाई से स्थानीय चक्कर मैदान में आयोजित होने वाली अग्निवीर भर्ती रैली के सफल और सुचारू आयोजन के लिए जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन और वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार ने स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों के साथ तैयारी की प्रगति की समीक्षा की गई और आवश्यक निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी सेन ने बरसात के मौसम को ध्यान में रखते हुए भवन निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता को वर्षारोधी पंडाल लगाने और ट्रैक पर पर्याप्त बालू बिछाने का निर्देश दिया। साथ ही, नगर आयुक्त को मैदान में जल जमाव दूर करने और नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
अग्निवीर भर्ती रैली के सफल आयोजन के लिए पहले ही समाहरणालय में अधिकारियों के साथ बैठक की जा चुकी है। इसमें संबंधित अधिकारियों को उनके दायित्वों का समय पर निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया था। वर्तमान में अधिकारी सक्रिय रूप से तैयारी में जुटे हैं।
रैली स्थल पर चिकित्सा सुविधा सुनिश्चित करने के लिए मेडिकल टीम को तैनात किया गया है। शांतिपूर्ण आयोजन के लिए पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी और पुलिस अधिकारी तैनात किए गए हैं। स्थल पर हेल्प डेस्क, पेयजल, और शौचालय की समुचित व्यवस्था की गई है। निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त आशुतोष द्विवेदी, नगर पुलिस अधीक्षक अवधेश दीक्षित, सहायक समाहर्ता डॉ आकांक्षा आनंद, अनुमंडल पदाधिकारी पूर्वी अमित कुमार और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
निरीक्षण का उद्देश्य भर्ती रैली के दौरान किसी भी तरह की अव्यवस्था को रोकना और आयोजन को सुचारू और सफल बनाना था। अधिकारियों ने रैली की तैयारियों को लेकर अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।