रोजगारपरक शिक्षा की ओर आरएसएस साइंस कॉलेज का कदम, बीकॉम AEDP में बढ़ी छात्रों की दिलचस्पी
- Post By Admin on Aug 20 2026
सीतामढ़ी : डुमरा स्थित राम सकल सिंह साइंस कॉलेज की प्राचार्या प्रो. डॉ. नीलिमा झा की अध्यक्षता में बीकॉम AEDP में नामांकन को लेकर औपचारिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में बीकॉम AEDP के समन्वयक नदीम अहमद समेत कॉलेज के शिक्षक एवं कर्मी मौजूद रहे।
बैठक में कोर्स से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बताया गया कि बीकॉम AEDP को भारत सरकार के कौशल विकास मंत्रालय के मानदंडों को ध्यान में रखकर संचालित किया जा रहा है। यह चार वर्षीय स्नातक पाठ्यक्रम है, जिसमें छात्रों को पढ़ाई के साथ रोजगारपरक प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।
बैठक में बताया गया कि पाठ्यक्रम के अंतिम वर्ष में छात्रों को 12 हजार रुपए प्रतिमाह छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। इसके अलावा छात्रों को किसी प्रतिष्ठित एवं मान्यता प्राप्त उद्योग, संस्थान या सेवा क्षेत्र में प्रशिक्षण का अवसर भी मिलेगा। कॉलेज प्रबंधन के अनुसार, सामान्य स्नातक पाठ्यक्रम की तुलना में बीकॉम AEDP पूरा करने के बाद छात्रों के लिए रोजगार के अवसर अधिक सुगमता से उपलब्ध होने की संभावना है।
कॉलेज की ओर से बताया गया कि सीतामढ़ी जिले में फिलहाल केवल राम सकल सिंह साइंस कॉलेज में ही AEDP के तहत बीकॉम की पढ़ाई संचालित हो रही है। इस पाठ्यक्रम में नामांकन को लेकर छात्रों की रुचि लगातार बढ़ रही है। बैठक में प्राध्यापक मोहम्मद असगर, चंदन कुमार, जय किशोर प्रसाद, सोमेश गुंजन, अखिलेश कुमार, पंकज कुमार, आलोक कुमार, अभिषेक कुमार समेत अन्य शिक्षक एवं कर्मी उपस्थित रहे।