राजनारायण कॉलेज बना शतरंज चैंपियन, एलएन मिश्रा कॉलेज की टीम रही उपविजेता
- Post By Admin on Aug 20 2026
मुजफ्फरपुर : डॉ. राम मनोहर लोहिया स्मारक महाविद्यालय में आयोजित बीआरए बिहार विश्वविद्यालय अंतर-महाविद्यालय शतरंज टूर्नामेंट के पुरुष वर्ग के टीम इवेंट में राजनारायण कॉलेज ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। राजनारायण कॉलेज की टीम ने 13.5 अंक हासिल किए, जबकि ललित नारायण मिश्रा मैनेजमेंट कॉलेज की टीम 13 अंकों के साथ उपविजेता रही।
प्रतियोगिता के दूसरे दिन विश्वविद्यालय शतरंज टीम के चयन को लेकर भी खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला हुआ। ट्रायल इवेंट के पुरुष वर्ग में 48 और महिला वर्ग में 24 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। खिलाड़ियों ने अपनी शतरंज प्रतिभा का प्रदर्शन किया। चयन समिति द्वारा खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर जल्द ही विश्वविद्यालय की आधिकारिक शतरंज टीम की घोषणा की जाएगी। समापन समारोह में विजेता और उपविजेता टीम के खिलाड़ियों को मोमेंटो और प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। विभिन्न महाविद्यालयों से प्रतियोगिता में शामिल हुए टीम मैनेजरों को भी स्मृति चिह्न भेंट किए गए।
इस अवसर पर कॉलेज के प्राचार्य ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल जीवन में अनुशासन की सीख देता है। खेल का उद्देश्य केवल जीत हासिल करना नहीं है, बल्कि खिलाड़ियों के जीवन में हार और जीत दोनों का समान महत्व होता है। उन्होंने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए आयोजक टीम की सराहना की और खेल प्रभारी डॉ. अब्दुल अजीज टिके समेत आयोजन टीम के सभी सदस्यों को बधाई दी। विभिन्न महाविद्यालयों से आए खिलाड़ियों और टीम मैनेजरों ने भी प्रतियोगिता के आयोजन और प्रबंधन की सराहना की। खेल परिषद के सचिव डॉ. अशोक कुमार साह ने सभी प्रतिभागियों और आयोजकों को बधाई दी।
कार्यक्रम का मंच संचालन डॉ. रश्मि रेखा ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन डॉ. शीला कुमारी ने किया। इस अवसर पर पूर्व प्राचार्य डॉ. रेवती रमण, डॉ. एच.पी. यादव, डॉ. रफीउल्लाह अंसारी, डॉ. ज्ञान प्रकाश सहित विभिन्न कॉलेजों के खेल प्रेमी, शिक्षक और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।