सोते परिवार पर गिरा विशाल पेड़, मां और बच्चों समेत 5 की दर्दनाक मौत
- Post By Admin on Jun 09 2026
सीतामढ़ी : जिले के रीगा थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात एक दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। रेवासी पंचायत के धनुषी टोला में एक विशाल पीपल का पेड़ फूस के मकान पर गिर पड़ा, जिससे पूरा घर मलबे में तब्दील हो गया।
जानकारी के अनुसार, परिवार के सदस्य रात में भोजन करने के बाद घर में सो रहे थे। इसी दौरान वर्षों पुराना विशाल पीपल का पेड़ जड़ समेत उखड़कर घर के ऊपर आ गिरा। अचानक हुए इस हादसे में घर पूरी तरह दब गया और अंदर सो रहे लोग मलबे में फंस गए। हादसे में सिकंदर सहनी की पत्नी पुनम देवी, उनकी तीन वर्षीय पुत्री, पांच वर्षीय पुत्र समेत परिवार के कुल पांच सदस्यों की मौत हो गई। वहीं सिकंदर सहनी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में चीख-पुकार मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए ट्रैक्टर की मदद से घर पर गिरे विशाल पेड़ को हटाया और मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही रीगा थानाध्यक्ष अभिषेक त्रिपाठी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा आगे की प्रक्रिया में जुट गई है। इस हृदयविदारक हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में मातम पसरा हुआ है।