लखीसराय: जिले को पोलियो मुक्त बनाए रखने के संकल्प के साथ रविवार, 22 नवंबर 2026 को राष्ट्रीय पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया गया। सदर अस्पताल परिसर में आयोजित मुख्य समारोह में जिला पदाधिकारी शैलेन्द्र कुमार ने 17 बच्चों को पोलियोरोधी दवा की दो बूंद पिलाकर पांच दिवसीय अभियान की विधिवत शुरुआत की।

इस अवसर पर उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, सिविल सर्जन डॉ. जे.पी. सिंह, जिला कृषि पदाधिकारी कुंदन कुमार, जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे। अभियान 22 नवंबर से 26 नवंबर 2026 तक जिले के सभी प्रखंडों और शहरी क्षेत्रों में चलाया जाएगा। इसके तहत जिले के 1,97,138 घरों तक पहुंचने और शून्य से पांच वर्ष तक के 1,86,586 बच्चों को पोलियोरोधी खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए जिले में कुल 532 टीमें गठित की गई हैं। इन टीमों के कामकाज की निगरानी और अभियान के अनुश्रवण के लिए 157 सुपरवाइजर तैनात किए गए हैं। इसके अतिरिक्त रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और प्रमुख चौक-चौराहों पर भी विशेष व्यवस्था की गई है, ताकि यात्रा के दौरान जिले में आने-जाने वाले पांच वर्ष तक के बच्चों को भी पोलियो की खुराक दी जा सके। इस मौके पर जिला पदाधिकारी शैलेन्द्र कुमार ने कहा कि पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बच्चों की सुरक्षा के लिए प्रत्येक बच्चे को पोलियोरोधी खुराक पिलाना जरूरी है। उन्होंने कहा, ‘एक भी बच्चा छूट गया तो सुरक्षा चक्र टूट गया।’ उन्होंने स्वास्थ्य विभाग की टीमों, आशा कार्यकर्ताओं और आंगनबाड़ी सेविकाओं को पूरी जिम्मेदारी के साथ घर-घर जाकर अभियान का शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने का निर्देश दिया। डीएम ने अभिभावकों से भी अपील की कि वे अपने पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की दो बूंद अवश्य पिलाएं। उन्होंने अभियान में आम लोगों की सक्रिय भागीदारी को भी जरूरी बताया।

सिविल सर्जन और जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी ने बताया कि अभियान के दौरान टीमें नियमित रूप से घर-घर भ्रमण करेंगी। किसी कारणवश अभियान के दौरान छूट जाने वाले बच्चों को कवर करने के लिए 28 नवंबर 2026 को विशेष गृह भ्रमण भी किया जाएगा और उन्हें पोलियोरोधी खुराक पिलाई जाएगी। स्वास्थ्य विभाग ने आम लोगों से अपील की है कि पोलियो मुक्त भारत की उपलब्धि को बनाए रखने के लिए अभियान में सहयोग करें और अपने आसपास के सभी पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की दो बूंद जरूर पिलवाएं।