लखीसराय: बाल विवाह जैसी सामाजिक कुप्रथा को समाप्त करने और ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से शनिवार, 21 नवंबर 2026 को चानन प्रखंड के बतसपुर गांव में संध्या चौपाल का आयोजन किया गया। महिला एवं बाल विकास निगम द्वारा संचालित महिला सशक्तिकरण केंद्र, लखीसराय के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला प्रोग्राम पदाधिकारी, आईसीडीएस सह मिशन शक्ति के नोडल पदाधिकारी धीरज कुमार ने की।
कार्यक्रम में धीरज कुमार ने कहा कि बाल विवाह जैसी कुप्रथा को समाप्त करने के लिए ग्रामीण स्तर पर जागरूकता फैलाना जरूरी है। संध्या चौपाल इस दिशा में प्रभावी माध्यम है, क्योंकि दिनभर के काम के बाद शाम के समय ग्रामीण, विशेषकर अभिभावक और बुजुर्ग एक स्थान पर एकत्रित होते हैं। इससे बाल विवाह जैसे संवेदनशील विषय पर खुलकर चर्चा करने और लोगों को जागरूक करने का अवसर मिलता है।
उन्होंने बताया कि बाल विवाह की रोकथाम के लिए 21 अक्टूबर से 21 दिसंबर तक व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान की कड़ी में बतसपुर गांव में संध्या चौपाल आयोजित की गई। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बाल विवाह के दुष्परिणामों और कानूनी प्रावधानों की जानकारी देना तथा सामुदायिक भागीदारी के माध्यम से इस कुप्रथा का विरोध सुनिश्चित करना था। जिला मिशन समन्वयक प्रशांत कुमार ने बाल विवाह की सूचना देने के लिए उपलब्ध हेल्पलाइन और संबंधित अधिकारियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बाल विवाह की जानकारी चाइल्ड हेल्पलाइन के टोल फ्री नंबर 1098 और महिला हेल्पलाइन नंबर 181 पर दी जा सकती है। इसके अलावा पंचायत के जनप्रतिनिधियों, गैर सरकारी संगठनों (NGO), प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) और अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) को भी इसकी सूचना दी जा सकती है। उन्होंने बताया कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाती है।
कार्यक्रम में प्रधान सहायक प्रशांत रंजन, लैंगिक विशेषज्ञ किस्मत कुमारी, नवीन कुमार, जिला परियोजना सहायक सौरभ कुमार, आंगनबाड़ी सेविका-सहायिका, जीविका दीदियां तथा बड़ी संख्या में महिला और पुरुष ग्रामीण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों को बाल विवाह की रोकथाम के लिए सामूहिक रूप से शपथ दिलाई गई। साथ ही सभी से इस संकल्प का शत-प्रतिशत अनुपालन करने और अपने गांव एवं समाज में बाल विवाह के खिलाफ जागरूकता फैलाने की अपील की गई।
















