लखीसराय: छात्राओं की शैक्षणिक प्रगति, आवासीय सुविधाओं और सर्वांगीण विकास की स्थिति का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी शैलेन्द्र कुमार ने रविवार, 22 नवंबर 2026 को कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय परिसर, छात्रावास, पठन-पाठन, भोजन, स्वच्छता, सुरक्षा और छात्राओं को उपलब्ध कराई जा रही अन्य मूलभूत सुविधाओं की विस्तृत जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने छात्राओं से सीधे संवाद किया और उनकी पढ़ाई-लिखाई, दैनिक दिनचर्या, खान-पान, पाठ्येतर गतिविधियों तथा आगामी परीक्षाओं की तैयारियों के बारे में पूछा। उन्होंने विद्यालय में कंप्यूटर शिक्षा और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) सीखने की उपलब्ध व्यवस्था का भी जायजा लिया। जिलाधिकारी ने छात्राओं द्वारा तैयार की गई कलाकृतियों को देखा और उनकी रचनात्मकता एवं कलात्मक अभिरुचि की सराहना की। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल पाठ्यपुस्तकों तक सीमित नहीं होना चाहिए। छात्राओं की प्रतिभा, कौशल, रचनात्मकता और आत्मविश्वास का विकास भी उतना ही जरूरी है।

निरीक्षण के दौरान छात्राओं के लिए ‘संध्या संकल्प’ के तहत नियमित अतिरिक्त अध्ययन की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर विशेष चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने विद्यालय प्रबंधन को प्रत्येक छात्रा का विस्तृत और व्यवस्थित प्रोफाइल तैयार करने का निर्देश दिया। इसमें छात्राओं की रुचि, दक्षता, कमजोरियों, व्यक्तिगत उपलब्धियों और सुधार के लिए किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख करने को कहा गया, ताकि उनकी शैक्षणिक एवं व्यक्तिगत प्रगति का नियमित मूल्यांकन किया जा सके। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने छात्राओं के बीच मोटिवेशनल क्लास भी आयोजित की। उन्होंने छात्राओं को नियमित अध्ययन, अनुशासन, समय प्रबंधन और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक छात्रा में अपार संभावनाएं हैं। निरंतर मेहनत, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच के बल पर वे जीवन में अपनी अलग पहचान बना सकती हैं। असफलताओं से निराश होने के बजाय उनसे सीख लेकर आगे बढ़ना चाहिए।

जिलाधिकारी ने विद्यालय प्रबंधन को छात्राओं की शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और सर्वांगीण विकास के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं बेहतर ढंग से उपलब्ध कराने तथा उनकी प्रगति पर लगातार निगरानी रखने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, जिला कृषि पदाधिकारी कुंदन कुमार, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (SSA) सीमा कुमारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।