बालिका दिवस पर अधिकारों की पाठशाला, आरडीएस कॉलेज में कानूनी प्रावधानों की दी गई जानकारी

  • Post By Admin on Oct 10 2026
बालिका दिवस पर अधिकारों की पाठशाला, आरडीएस कॉलेज में कानूनी प्रावधानों की दी गई जानकारी

मुजफ्फरपुर : रामदयालु सिंह महाविद्यालय में शनिवार को विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस और अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर एक दिवसीय व्याख्यान एवं विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिला अधिकारों, कानूनी प्रावधानों, मानसिक स्वास्थ्य और महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई। साथ ही प्रश्नोत्तरी, निबंध, नारा लेखन, रचनात्मक लेखन और प्रेरक महिलाओं पर वीडियो निर्माण प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। अंग्रेजी विभाग की तृतीय सेमेस्टर की छात्रा अपूर्वा ने वंदे मातरम की प्रस्तुति दी। मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित जिला बार एसोसिएशन, सिविल कोर्ट, मुजफ्फरपुर की उपाध्यक्ष एवं अपर लोक अभियोजक डॉ. संगीता शाही ने महिला अधिकारों और उनसे संबंधित कानूनी प्रावधानों पर विस्तार से जानकारी दी। डॉ. संगीता शाही ने मानसिक स्वास्थ्य और महिला अधिकारों से जुड़े विषयों पर विद्यार्थियों के साथ संवाद किया। उन्होंने कानून के प्रावधानों, शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया और न्याय पाने में साक्ष्य एवं गवाहों की भूमिका को समझाया। उन्होंने बताया कि अब ईमेल और हेल्पलाइन जैसे माध्यमों से भी शिकायत दर्ज कराने की सुविधा उपलब्ध है। डिजिटल शासन व्यवस्था और ऑनलाइन सुविधाओं के उपयोग के बारे में भी उन्होंने विद्यार्थियों को जानकारी दी।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने महिलाओं की सुरक्षा, कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न की रोकथाम से संबंधित कानून और विशाखा दिशा-निर्देशों सहित विभिन्न विषयों पर प्रश्न पूछे। प्राचार्य और मुख्य वक्ता ने उनके सवालों के जवाब देते हुए कानूनी प्रावधानों तथा अधिकारों के व्यावहारिक उपयोग की जानकारी दी। वक्ताओं ने छात्र-छात्राओं से अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने, परिस्थितियों को लेकर सतर्क रहने और किसी भी समस्या का सामना साहस के साथ करने की अपील की।

कार्यक्रम के अंत में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया। प्रथम सत्र में आयोजित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में सत्यम कुमार ने प्रथम, पुष्कर कश्यप ने द्वितीय तथा अपूर्वा प्रियदर्शिनी और अंकित कुमार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। निबंध प्रतियोगिता में पुतुल कुमारी प्रथम रहीं, जबकि नारा लेखन प्रतियोगिता में अनिशा ने पहला स्थान हासिल किया। रचनात्मक लेखन प्रतियोगिता में अपूर्वा प्रियदर्शिनी विजेता बनीं। प्रेरक महिला विषय पर वीडियो निर्माण प्रतियोगिता में स्नेह गुप्ता ने प्रथम, तृप्ति ने द्वितीय और नंदिनी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेताओं को पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया।

कार्यक्रम का धन्यवाद ज्ञापन सांस्कृतिक इकाई की समन्वयक एवं अंग्रेजी विभाग की सहायक प्राध्यापक डॉ. आरती कुमारी ने किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के शिक्षक डॉ. आर.एन. ओझा, संजय सुमन, एम.एन. रज़वी, डॉ. बिंदु, डॉ. अमृता, डॉ. संध्या, डॉ. आशीष कांता, डॉ. नियाज़, डॉ. सूरज, डॉ. रजनीकांत और डॉ. अज़मत अली सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।